UP Nagar Niagm Chunav 2023:यूपी नगर निगम चुनाव में सुबह से मतदान जारी हैं। 9 मंडलों के 37 जिलों में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया और शाम 6 बजे तक मतदान किया जाएगा। कुछ बूथों पर ईवीएम मशीनों में दिक्कत आई, जिसे तत्काल ठीक किया गया। यूपी निकाय चुनाव के पहले चरण में सहारनपुर, मुरादाबाद, आगरा, झांसी, प्रयागराज, लखनऊ, देवीपाटन, गोरखपुर और वाराणसी मंडल के 37 जिलों के 2.40 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
गौरतलब है कि पहले चरण में 10 नगर निगमों के महापौर और 820 पार्षदों, 103 नगर पालिका परिषद अध्यक्षों, 2,740 नगर पालिका परिषद सभासदों, 275 नगर पंचायत अध्यक्षों और 3,645 नगर पंचायत सदस्यों समेत कुल 7,593 पदों के लिए 44000 से अधिक उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
गजरौला में पथराव और तोड़फोड़
अमरोहा जिले के गजरौला में पथराव हो गया। मतदान को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। गजगौला के अति संवेदनशील बूथ जलालनगर में मुस्लिम मतदाता और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच यह झड़प हुई। सपा का कहना है कि बीजेपी कार्यकर्ता मुस्लिम मतदाताओं को वोट डालने से रोक रहे हैं।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ। साथ ही पुलिस की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई। घटना से सहमे मतदानकर्मियों ने कार्य रोककर खुद को कमरे में बंद कर लिया। सपा-बसपा के प्रत्याशी मौके पर पहुंच गए। उनकी पुलिस अधिकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। सूचना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। जिसके बाद फिर से सुचारू रूप से मतदान शुरू किया गया।