UP Nikay Chunav 2023: प्रयागराज में दहाड़े सीएम योगी, अतीक का नाम लिए बिना बोले ‘जो जैसा करता है वैसा ही भरता है’

प्रयागराज:उत्तर-प्रदेश में निकाय चुनाव हो रहे हैं जिसकी तैयारियां जोरो पर है। इसी के मद्देनजर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज चुनाव प्रचार के लिए प्रयागराज पहुंचे। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, आज हमारे नगर सेफ सिटी हो रहे हैं। आज युवाओं के हाथों में तमंचा नहीं है क्योंकि उन्हें तमंचे का दुष्परिणाम पता है। इस दौरान सीएम योगी ने अतीक अहमद (Atiq Ahmed) का नाम लिए बिना माफियाओं को संदेश दिया।

जो जैसा करता है वैसा ही भरता है-सीएम योगी

अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या के बाद से सीएम योगी पहली बार प्रयागराज के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अतीक अहमद का नाम लिए बिना कहा, प्रयागराज को पापाचार का शिकार बना दिया था, यह प्रकृति सबका हिसाब बराबर करके रख देती है, लेकिन प्रयागराज न्याय की धरती है। जो जैसा करता है वैसा ही भरता है।

माफिया की अवैध संपत्ति जब्त करके गरीबों को देंगे आवास

इस दौरान सीएम योगी संपत्ति पर अवैध रुप से कब्जा करने वाले माफियाओं पर भी जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि,हम माफिया की अवैध संपत्ति जब्त कर गरीबों को आवास देंगे। तुष्टिकरण को प्रोत्साहन करने वाले भेदभाव करते थे। आज यूपी परिवारवाद और जातिवाद की मानसिकता से ऊपर उठ चुका है। सीएम योगी ने आगे कहा कि, 2017 से पहले का यूपी में त्योहार भय और आतंक से मनाएं जाते थे, लेकिन आज तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। सभी जानते हैं कि तमंचे की कीमत क्या होती है। कुछ लोगों ने प्रयागराज के साथ अन्याय किया था। सीएम योगी ने यह सारी बात अतीक अहमद का नाम लिए बगैर उसकी ओर इशारा करते हुए कही। गौरतलब है कि 15 अप्रैल को पुलिस कस्टडी के दौरान उमेश पाल हत्या के मुख्य आरोपी अतीक अहमद और अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। तीनों शूटर्स के खिलाफ कानूनी प्रकिया चल रही है।

पीएम के नेतृत्व में भारत की प्रतिष्ठता बढ़ी-योगी

इस दौरान सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रतिष्ठता बढ़ी है। लोकतंत्र में राजा हो या रंक सभी को वोट का समान अधिकार है। आज भारत का सम्मान होता है, दुनिया में भारत के प्रति नजरिया बदल चुका है। सीएम योगी ने आगे कहा कि, आज युवाओं के हाथ में टैबलेट है और यह टैबलेट उनके टैलेंट को टेक्नोलॉजी से जोड़ेगा। सीएम योगी ने कहा, बीजेपी का मतलब सबका साथ, विकास और विश्वास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *