पटना: सुप्रीम कोर्ट ने भले ही सभी राज्यों को भड़काऊ बयान देने वालों पर बेझिझक कार्रवाई करने के आदेश दिए हो, बावजूद इसके कई राजनेता ऐसे हैं जो अपनी कड़वी जुबान से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक यदुवंश कुमार यादव ने ब्राह्मणों को लेकर विवादित बयान दिया है। यदुवंश कुमार यादव ने कहा है कि ब्राह्मण मूल रूप से भारतीय नहीं है।
यदुवंश कुमार यादव ने ये बयान बिहार के सुपौल में पार्टी कार्यकर्ताओं की एक सभा को संबोधित करते हुए दिया। उन्होंने ब्राह्मणों पर विवादित बयान देते हुए कहा कि देश का कोई भी ब्राह्मण भारत का नहीं है। ये लोग रूस और अन्य यूरोपीय देशों से आए हैं और यहां बस गए हैं। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण हमें विभाजित करने और शासन करने की कोशिश कर रहे हैं। हमें उन्हें यहां से भगा देना चाहिए।
यदुवंश यादव ने DNAपर उठाया सवाल
यदुवंश यादव यहीं तक नहीं रूके। उन्होंने ब्राह्मणों के डीएनए पर भी सवाल उठा दिया। उन्होंने कहा कि डीएनए परीक्षण से पता चलता है कि कोई भी ब्राह्मण इस देश का नहीं है। यहां का जो मूल निवासी है, वह है यादव समुदाय। हालांकि यदुवंश यादव का ब्राह्मणों के प्रति ऐसा विवादित बयान महागठबंधन को रास नहीं आया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयूके प्रवक्ता अभिषेक कुमार झा ने यादव के इस बयान की निंदा की है।
यादव की यह टिप्पणी निंदनीय है- अभिषेक झा
अभिषेक कुमार झा ने राजद नेता पर निशाना साधते हुए कहा कि, राजद नेता द्वारा की गई टिप्पणी निंदनीय है। उन्होंने पूछा- परशुराम रूस से आए थे या किसी अन्य देश से? इस तरह की भद्दी टिप्पणियां राजद नेता सिर्फ मीडिया में बने रहने के लिए करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि राजद को ऐसे नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। इस तरह की टिप्पणी करने से राजद नेता महागठबंधन की छवि को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं।