Haryana: हरियाणा में साइबर क्राइम पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार सुबह 5 हजार पुलिस कर्मियों ने 14 गांवों में ताबड़तोड़ छापेमारी की और सैंकडों लोगों को हिरासत में लिया गया। साथ ही लाखों सिम कार्ड ब्लॉक किए गए।
बता दे कि, यह कार्रवाई दिल्ली से सटे मेवात में की गई। शुक्रवार सवेरे 2 बजे राजस्थान और यूपी के बॉर्डर इलाके से सटे मेवात के 14 गांवों में हरियाणा पुलिस ने छापेमारी की। सुबह 10 बजे तक इन इलाकों में छापेमारी की गई।
हरियाणा प्रदेश में साइबर क्राइम लगातार बढ़ रहा था। जिसके बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। 5 हजार पुलिस कर्मियों में 6 एएसपी,14 डीएसपी, 102 रेड पार्टी, 102 स्पॉट पार्टी शामिल रही।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने सैंकड़ों वाहन, सैकड़ों संदिग्ध आरोपी, गौमांस, सिम कार्ड, आधार कार्ड आदि को कब्जे में लिया। पुन्हाना सबडिवीजन के गांव खेड़ला, जैमत, मामलीका, लुहिंगाकलां, गोकलपुर, जमालगढ़, तिरवाड़ा, नई, बिछौर सहित करीब दर्जनभर गांव में सर्च अभियान चलाया गया।
जानकारी के लिए बता दे कि, पकड़े गए लोगों को अलग-अलग थानों में रखा गया। जहां पर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस विभाग मामले पर कुछ भी जानकारी देने से बच रही है। बरामद किए गए सामान की सूची बनाई जा रही है।
अब तक झारखंड के जामताड़ा को ही साइबर क्राइम का गढ़ माना जाता था। लेकिन हाल ही में सरकार ने बताया था कि देश के 9 राज्यों में तीन दर्जन से ज्यादा गांव और शहर ऐसे हैं जो साइबर क्राइम का गढ़ बन गए। देश के 9 राज्यों- हरियाणा, दिल्ली, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, उत्तर प्रदेश, गुजरात और आंध्र प्रदेश में साइबर क्राइम के हॉटस्पॉट हैं।