भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर FIR दर्ज की जाएगी। बृजभूषण शरण सिंह पर दिल्ली पुलिस मामला दर्ज करेगी। शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने यह बयान दिया है। बता दे कि, बृजभूषण शरण सिंह पर 7 महिला पहलवानों ने यौन शोषण का आरोप लगाया है।
21 अप्रैल को लगा यौन शोषण का आरोप
गौरतलब है कि 21 अप्रैल को एक नाबालिग समेत 7 महिला रेसलर्स ने बृजभूषण के खिलाफ यौन शोषण की शिकायत की थी। जिसके बाद सुनवाई न होने पर महिला रेसलर्स लगातार विरोध प्रदर्शन करती रही। केस ना दर्ज होने पर रेसलर्स ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी।
पहलवानों को कराई जाए सुरक्षा मुहैया- कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान वरिष्ठ एडवोकेट कपिल सिब्बल ने कहा- इस समय महिला पहलवानों को सुरक्षा मुहैया कराई जाए। रिटायर जज इस पूरे मामले की निगरानी करें। जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को सुरक्षा मुहैया कराने का आदेश दिया।
जानकारी के लिए बता दे कि, WFI अध्यक्ष बृजभूषण पर कार्रवाई को लेकर बीते 6 दिनों से जंतर-मंतर पर पहलवान धरना दे रहे हैं। अब तक धरने को खाप पंचायतों का समर्थन मिल रहा था लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी पहलवानों के समर्थन में उतर आए।
शुक्रवार को विश्व विजेता पूर्व क्रिकेट कप्तान कपिल देव, पूर्व क्रिकेटर वीरेन्द्र सहवाग गोल्ड जीतने वाले नीरज चोपड़ा, टेनिस स्टार सानिया मिर्जा, एक्टर सोनू सूद और एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर भी रेसलर्स के समर्थन में उतर आए। उन्होंने महिला पहलवानों को न्याय दिलाने की मांग उठाई।