युवा पीढ़ी में सुपरहिट हो चुकी है वंदे भारत, नीयत साफ हो तो निकलते है रास्ते, बोले प्रधानमंत्री मोदी

भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मध्यप्रदेश के भोपाल से पहली वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने हाईटेक कमलापति रेलवे स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस का लोकार्पण किया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि एमपी को पहली वंदे भारत ट्रेन मिली है, जो प्रदेश के लोगों को कई सुविधाएं देगी और क्षेत्र के विकास का माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेनों में 100 फीसदी ऑक्यूपेंसी रही है। वे तकनीकी रूप से उन्नत, स्वच्छ और समय पर हैं। इस दौरान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णण मौजूद रहें।

युवा पीढ़ी में सुपरहिट वंदे भारत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस तो पूरे देश में हमारी युवा पीढ़ी में सुपरहिट हो चुकी है। पूरे साल इन ट्रेनों में सीटें फुल जा रही हैं। देश के हर कोने से इस ट्रेन को चलाने की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज देश में अनेकों रेलवे स्टेशनों का आधुनिकरण किया जा रहा है। 6 हजार स्टेशनों पर वाई-फाई लगाए जा चुके हैं। साथ ही 900 से ज्यादा स्टेशनों पर सीसीटीवी भी लग चुका है। पीएम मोदी ने कहा कि रेलवे यात्रियों की सुविधा बढ़ाए जाने का अभियान तेजी से चल रहा है।

नीयत साफ हो तो नए रास्ते निकलते हैं- पीएम

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि, हर साल रेलवे के बजट को हमेशा बढ़ाया गया है। देश के बजट में रिकॉर्ड धन राशि रेलवे के लिए आवंटित की गई है। अब मध्यप्रदेश में 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक का रेलवे बजट है, जबकि साल 2014 से पहले केवल 600 करोड़ रुपये रेलवे बजट था। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, पहले संसद में रेलवे के विकास की बात होते ही घाटे की बात होने लगती थी, लेकिन अगर विकास की इच्छाशक्ति हो और नीयत साफ हो तो नए रास्ते निकल ही आते हैं।

सांसद वंदे भारत की मांग करते हैं-पीएम

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने रेलवे में पहले और आज के समय की तुलना की। उन्होंने कहा कि पहले सांसद कहते थे फलानी ट्रेन इस स्टेशन पर रोकने की व्यवस्था हो, लेकिन आज जब सांसद मांग करते हैं कि हमारे यहां भी वंदे भारत जल्द से जल्द चालू हो। पीएम मोदी ने कहा कि इसपर मुझे गर्व है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *