Rahul Gandhi PC:कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सांसदी जाने के बाद बीजेपी को जमकर आड़े हाथ लिया। कांग्रेस मुख्यालय पर राहुल गांधी ने प्रेस वार्ता को लोकतंत्र खतरे में है इससे शुरू किया। इस दौरान राहुल गांधी ने केन्द्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि केन्द्र अडाणी के मुद्दे पर चुप क्यों है। अडाणी मामले की जेपीसी गठित करके जांच नहीं करवाई जा रही है।
आगे राहुल गांधी ने कहा कि मैं माफी नहीं मांगूंगा, मेरा नाम गांधी है और मैं सावरकर नहीं हूं। गांधी किसी से माफी नहीं मांगता। राहुल गांधी ने कहा कि मैं सवाल पूछना बंद नहीं करूंगा। अडाणी का नरेंद्र मोदी से क्या रिश्ता है? इन लोगों से मुझे डर नहीं लगता। अगर इनको लगता है कि मेरी सदस्यता रद्द करके, डराकरऔरजेल में बंद करके मेरी आवाज को दबा सकते हैं और मैं सवाल पूछना बंद कर दूंगा। केन्द्र सरकार ऐसा गलत सोच रही है राहुल गांधी सवाल पूछना जारी रखेगा।
इस समय मैं देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ रहा हूं और लड़ता रहूंगा। इस देश ने मुझे बहुत कुछ दिया है। कांग्रेस नेता ने कहा, मुझे फर्क नहीं पड़ता कि मैं संसद के अंदर हूं या बाहर हूं। मुझे अपनी तपस्या करनी है, मैं उसे करके दिखाऊंगा। मैं बीजेपी से बिना डरे अपनी तपस्या को जारी रखूंगा।
पूर्व सांसद का कहना है कि प्रधानमंत्री को एक साधारण सवाल से बचाने के लिए यह सारा ड्रामा किया गया। अडाणी की शेल कंपनियों में 20,000 करोड़ रुपए किसके गए? मैं इन धमकियों, अयोग्यताओं या जेल की सजा से डरने वाला नहीं हूं। बीजेपी को इसका जवाब देना होगा।
कांग्रेस नेता ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा इस समय लोकतंत्र पर आक्रमण किया जा रहा है। इसके प्रतिदिन उदाहरण देखने को मिल रहे हैं। मैंने संसद में सबूत दिए, अडाणी और PM मोदी के रिश्ते के बारे में बोला। बीजेपी ने अडाणी को नियमों में बदलाव करके एयरपोर्ट दिए गए, इस पर मैंने संसद में बात की। प्रधानमंत्री मेरे अगले भाषण से डर गए थे, इसलिए मुझे अयोग्य घोषित किया गया है। मैं किसी प्रकार से डरने वाला नहीं हूं।