Bihar News: सीवान एसपी की बड़ी कार्रवाई…इस मामले में 11 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड

सीवान: अवैध बालू लदे ट्रक से वसूली मामले में सीवान पुलिस अधिक्षक ने बड़ा एक्शन लेते हुए महादेवा ओपी थाना के पांच और सराय ओपी थाना इलाके के 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। बताया जा रहा है कि निलंबित सभी पुलिसकर्मी अवैध बालू लदे ट्रक से वसूली करते थे जिसकी लोगों ने एसपी शैलेश कुमार सिन्हा को गुप्त सूचना दी थी। लोगों के सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक, निलंबित पुलिसकर्मी पिछले कुछ दिनों से सराय ओपी थाना के दारोगा हाता मोड़ और महादेवा ओपी थाना इलाके के हाईवे के आस पास अवैध तरिके से बालू ले जा रहे ट्रकों से वसूली किया करते थे। जब इस बात की भनक स्थानीय लोगों को लगी तो उन्होंने इस बात की सूचना सीवान एसपी शैलेश कुमार सिन्हा को दी। सूचना मिलने के बाद ही एसपी ने गोपनीय शाखा के पुलिस अवर निरीक्षक कैप्टन शाहनवाज को इसकी जांच का जिम्मा दिया गया था।

एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई

इस पूरे मामले में सराय ओपी के थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार और महादेवा ओपी के थानाध्यक्ष कुंदन कुमार पांडे ने बताया की यह बड़ी करवाई सीवान के एसपी शैलेश कुमार सिन्हा के निर्देश पर हुई है। वहीं, उपेंद्र कुमार ने बताया कि गोपनीय शाखा के पुलिस अवर निरीक्षक कैप्टन शाहनवाज को इसकी जांच का जिम्मा दिया गया था, जिसकी जांच रिपोर्ट सीवान के एसपी को सौंपी गई जिसके बाद उन्होंने एक्शन लेते हुए 11 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

इन पुलिसकर्मियों को किया गया निलंबित

निलंबित पुलिसकर्मियों में सराय ओपी थाना इलाके के एएसआई छत्रपति सिंह, सिपाही जयनाथ यादव, हृदया सिंह, प्रेम कुमार यादव, संजय कुमार और चालक अरविंद कुमार शामिल है। वहीं, महादेवा ओपी थाना इलाके के एएसआई योगिंदर पासवान समेत तीन सिपाही और एक अंगरक्षक को एसपी के द्वारा निलंबित कर दिया गया है। जिसके बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *