पटना: आज वित्तीय वर्ष 2023-24के लिए 2 लाख 61 हजार 885 करोड़ रुपये का बजट वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी ने पेश कर दिया है। बजट प्राथमिकताओं की यदि बात करें तो यह साफ दिखाई देता है कि महागठबंधन की नजर आगामी लोकसभा चुनाव पर है। यही कारण है कि महागठबंधन की प्राथमिकता युवा और महिला है। इस युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर नौकरी का ऐलान किया गया है वहीं आधी आबादी के लिए भी सरकार ने कई अहम घोषणाएं की है।
वित्त मंत्री ने पिछले साल से बजट को बढ़ाते हुये इस बार के वित्तीय वर्ष 2023-24 के बजट का आकार को 2 लाख 61 हजार 885.4 करोड़ रुपए का कर दिया है। वहीं पिछले वर्ष बजट का आकार था 2,37,691 करोड़ रुपये था।
10 लाख युवाओं को रोजगार देगी बिहार सरकार
बता दें कि इस बार के बजट में युवाओं और रोजगार पर विशेष ध्यान देते हुए वित्त मंत्री विजय चौधरी ने ऐलान किया कि हमारे बजट में युवा और रोजगार को सबसे प्रथम रखा गया है। युवा शक्ति बिहार की शक्ति है। राज्य में 32 फीसद आबादी युवाओं की है। इसीलिए सरकार की 10 लाख युवाओं को रोजगार देने की योजना है।
पुलिस और शिक्षक के पदों पर भी बंपर बहाली
उन्होंने कहा कि 9223 पदों की पुलिसकर्मियों की 75543 पदों की नियुक्ति की स्वीकृति दी गई है। 42000 शिक्षकों की नियुक्ति जा चुकी है। शेष पदों पर नियुक्ति की जा रही है। राज्य में प्राथमिक विद्यालय में प्रधान शिक्षकों के 40546 सृजित पदों की नियुक्तियां होनी हैं।
UPSC व BPSC की प्रारंभिक परीक्षा पास करने पर 1 लाख तक की सहायता राशि
शक्ति योजना के अंतर्गत संघ लोक सेवा आयोग और बिहार लोक सेवा आयोग के प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाली महिला अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा एवं साक्षात्कार की तैयारी के लिए क्रमशः एक लाख और पचास हचार की राशि दी जाएगी।
तलाकशुदा महिलाओं को सरकार देगी 25 हजार रुपये
अल्पसंख्यक कल्याण योजना के तहत राज्य सरकार तलाकशुदा अल्पसंख्यक महिलाओं को सहायता राशि के तौर पर पहले 10 हजार रुपये देती थी, जिसे बढ़ाकर अब 25 हजार रुपये दी जाएगी।
जीविका योजना से सशक्त हुई महिलाएं
जीविका योजना की मदद से अबतक कुल 10.45 लाख स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है। एक करोड़ 30 लाख परिवारों की महिलाओं को इन समूहों से जोड़ा गया है। 62 अस्पतालों में दीदी की रसोई, अनुसूचित जाति/ जनजाति, आवासीय विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में 14 दीदी की रसोई का संचालन जीविका दीदियों द्वारा किया जा रहा है।
सभी नगर निकायों में बनेगा सम्राट अशोक भवन
शहरी क्षेत्रों में विभिन्न स्तर के आयोजन के लिए बहु उद्देश्यीय नगर भवन के रुप में सभी नगर निकायों में सम्राट अशोक भवन का निर्माण कराए जाने और बस स्टैंड बनाने की भी योजना है।
एथेनॉल यूनिट और LPG बॉटलिंग प्लांट पर हो रहा है काम
राज्य में एथेनॉल नीति बन गई है। राज्य में 17 एथेनॉल इकाइयां निर्माणाधीन है। बरौनी में 550 सौ करोड़ रुपए के निवेश से पूर्वी भारत के सबसे बड़े एलपीजी बॉटलिंग प्लांट की स्थापना की गई है। मुजफ्फरपुर और पूर्णिया में खादी मॉल की स्थापना की जा रही है।
सोलर लाइट के लिए 392 करोड़ का प्रावधान
सोलर लाइट के लिए 392 करोड़ का प्रावधान किया गया है। कजरा और पीरपैंती ने सोलर ऊर्जा परियोजना लगाने का निर्णय लिया गया है। नीचे मछली ऊपर बिजली को योजना है।
होल्डिंग टैक्स पर 5 प्रतिशत की छूट
जल जीवन हरियाली अभियान के लिए वर्षा जल संचयन करने वालो को होल्डिंग टैक्स पर 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
पशुधन मछली पालन के लिए 525.38 करोड़ का प्रावधान
नदी जोड़ योजना के पूरा होने से बाढ़ की समस्या में कमी आएगी। साथ ही कृषि को बढ़ावा मिलेगा। कोसी मेची लिंक पर काम चल रहा है। पशुधन मछली पालन के लिए 525.38 करोड़ का प्रावधान किया गया है। सीएम ग्रामीण आवास सहायता योजना के अंतर्गत 50 हजार की राशि उपलब्ध कराने की योजना है।
शाही लीची, मिथिला मखाना, मगही पान, जर्दालू आम को मिला जीआई टैग
हर खेत में पानी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने लिए बजट में विशेष प्रावधान किया गया है। गुणवत्ता पूर्ण उत्पाद के रूप में पहचान बनाने वाले शाही लीची, मिथिला मखाना, मगही पान, जर्दालू आम को जीआई टैग मिला है। बंजर भूमि में लेमन ग्रास की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।गंगा नदी के किनारे ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।
प्रथम श्रेणी से मैट्रिक परीक्षा पास करने वाले स्टूडेंट्स के लिए 94 करोड़
बिहार में प्रथम श्रेणी से मैट्रिक परीक्षा पास करने वाले स्टूडेंट्स के 94 करोड़ का प्रावधान किया गया है। बालिका पोशाक योजना के 100 करोड़ की राशि खर्च किए जाएंगे।
केंद्र सरकार ने बंद की छात्रवृति योजना
केंद्र सरकार ने 1 से 8 क्लास के पिछड़ा अतिपिछड़ा छात्रों के लिए छात्रवृत्ति योजना बंद कर दी है। मदरसा के लिए 23 -24 में 39 करोड़ का प्रावधान किया गया है। मदरसा के साथ साथ संस्कृत शिक्षक को 7वें वेतन मान का लाभ दिया गया है।
मेडिकल कॉलेज खुलने से पहले ही पूरी हो जाएगी बहाली प्रक्रिया
उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बड़ी जानकारी देते हुए कहा कि बिहार में जहां-जहां मेडिकल कॉलेज खुलने वाले हैं, वहां पहले से ही रिक्त पदों की नियुक्ति कर ली जायेगी। राज्य सरकार ने इसको लेकर काम शुरू कर दिया है।