पटना: आज वित्तीय वर्ष 2023-24 का बजट वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी ने पेश किया। बजट प्राथमिकताओं की यदि बात करें तो यह साफ दिखाई देता है कि महागठबंधन की नजर आगामी लोकसभा चुनाव पर है। यही कारण है कि महागठबंधन की प्राथमिकता युवा और महिला है। इस युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर नौकरी का ऐलान किया गया है वहीं आधी आबादी के लिए भी सरकार ने कई अहम घोषणाएं की है।
10 लाख युवाओं को रोजगार देगी बिहार सरकार
वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि हमारे बजट में युवा और रोजगार को सबसे प्रथम रखा गया है। युवा शक्ति बिहार की शक्ति है। राज्य में 32 फीसद आबादी युवाओं की है। इसीलिए सरकार की 10 लाख युवाओं को रोजगार देने की योजना है।
पुलिस और शिक्षक के पदों पर भी बंपर बहाली
उन्होंने कहा कि 9223 पदों की पुलिसकर्मियों की 75543 पदों की नियुक्ति की स्वीकृति दी गई है। 42000 शिक्षकों की नियुक्ति जा चुकी है। शेष पदों पर नियुक्ति की जा रही है। राज्य में प्राथमिक विद्यालय में प्रधान शिक्षकों के 40546 सृजित पदों की नियुक्तियां होनी हैं। यह प्रक्रिया में है।
UPSC व BPSC की प्रारंभिक परीक्षा पास करने पर 1 लाख तक की सहायता राशि
बिहार की महिलाओं के लिए बड़ा एलान करते हुए वित्त मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि नारी शक्ति योजना के अंतर्गत संघ लोक सेवा आयोग और बिहार लोक सेवा आयोग के प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाली महिला अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा एवं साक्षात्कार की तैयारी के लिए क्रमशः एक लाख और पचास हचार की राशि दी जाएगी।
तलाकशुदा महिलाओं को सरकार देगी 25 हजार रुपये
वहीं, महिलाओं के हित में भी बजट पेश किया गया है। वित्त मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि अल्पसंख्यक कल्याण योजना के तहत राज्य सरकार तलाकशुदा अल्पसंख्यक महिलाओं को सहायता राशि के तौर पर पहले 10 हजार रुपये देती थी, जिसे बढ़ाकर अब 25 हजार रुपये कर दिया गया है।
जीविका योजना से सशक्त हुई महिलाएं
वित्त मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि जीविका योजना की मदद से महिलाओं में आत्मबल और आत्मसम्मान का संचार हुआ है। सामाजिक स्तर पर महिलाओं की स्थिति सशक्त हो चुकी है। जीविका के अंतर्गत अबतक कुल 10.45 लाख स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है। एक करोड़ 30 लाख परिवारों की महिलाओं को इन समूहों से जोड़ा गया है। 62 अस्पतालों में दीदी की रसोई, अनुसूचित जाति/ जनजाति, आवासीय विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में 14 दीदी की रसोई का संचालन जीविका दीदियों द्वारा किया जा रहा है।
सभी नगर निकायों में बनेगा सम्राट अशोक भवन
वित्त मंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में विभिन्न स्तर के आयोजन के लिए बहु उद्देश्यीय नगर भवन के रुप में सभी नगर निकायों में सम्राट अशोक भवन का निर्माण कराए जाने की योजना है। बस स्टैंड बनाने की भी योजना है। व्यक्तिगत शौचालय से लेकर क्लस्टर शौचालय, शहरी गरीबों के बहुमंजिला मकान, सभी शहरों और महत्वपूर्ण नदी घाटों पर शव दाह गृह मोक्षधाम का निर्माण कराया जा रहा है।
एथेनॉल यूनिट और LPG बॉटलिंग प्लांट पर हो रहा है काम
वित्तमंत्री ने सदन को यह भी जानकारी दी कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य में एथेनॉल नीति बन गई है। राज्य में 17 एथेनॉल इकाइयां निर्माणाधीन है। बरौनी में 550 सौ करोड़ रुपए के निवेश से पूर्वी भारत के सबसे बड़े एलपीजी बॉटलिंग प्लांट की स्थापना की गई है। मुजफ्फरपुर और पूर्णिया में खादी मॉल की स्थापना की जा रही है।