नई दिल्ली: देश की राजधानी नई दिल्ली के प्रगति मैदान में इन दिनों विश्व पुस्तक मेला चल रहा है जहां बच्चों से लेकर छात्रों से लेकर वयस्कों तक सभी शैलियों की पुस्तकों को सभी के लिए प्रदर्शित किया गया है। बड़ी संख्या में पुस्तक प्रेमी दिल्ली पुस्तक मेले में पहुंच रहे हैं। प्रकाशक,लेखक,पुस्तक प्रेमियों का अद्भुत जमावड़ा लग रहा है। हो भी क्यों न कोरोना महामारी के दौरान तीन सालों तक देश के पुस्तक प्रेमियों को इस तरह के आयोजनों से वंचित जो रहना पड़ा था।25 फरवरी से शुरू हुआ यह पुस्तक मेला 5 मार्च तक चलेगा और इसकी टाइमिंग सुबह 11 से रात 8 बजे तक होगी।
इस साल विश्व पुस्तक मेले में G-20 पवेलियन के अलावा राष्ट्रीय शिक्षा नीति पवेलियन, एड-टेक जोन, युवा लेखक मंच जैसे नए आकर्षणों के साथ-साथ थीम मंडप, विदेशी मंडप, बच्चों के मंडप, लेखक मंच भी है। सभी कार्यक्रम संगोष्ठी हॉल और एम्फीथिएटर में आयोजित किए गए हैं।
सहयोगी देश के रूप में फ्रांस ले रहा है भाग
दुनिया के सबसे बड़े पुस्तक मेलों में से एक नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला इस बार अपनी 50साल की यात्रा का उत्सव मना रहा है। इस पुस्तक मेले में, 30 से अधिक देशों और लगभग 1,000 प्रकाशकों और प्रदर्शकों की भागीदारी है।मेला में फ्रांस सहयोगी देश के रूप में भाग ले रहा है। इसको लेकर भारत में फ्रांस के दूतावास के सांस्कृतिक सलाहकार इमैनुएल लेब्रून-डेमियंस ने कहा कि फ्रांस नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेले के 50 वर्षों के उत्सव का हिस्सा बनकर अत्यंत प्रसन्न है।
यह फ्रांस तथा भारत के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। नई दिल्ली में चल रहे विश्व पुस्तक मेले में फ्रांस के अनेक चित्रकारों तथा प्रकाशकों के अतिरिक्त फ्रांसीसी नोबेल पुरस्कार विजेता एनी एर्नॉक्स के नेतृत्व में फ्रांसीसी लेखकों का एक प्रतिनिधिमंडल भी भाग ले रहा है। फ्रांस, फ्रांसीसी साहित्य का भारतीय भाषाओं में अनुवाद करने का प्रयास कर रहा है और अब तक 40 से अधिक फ्रेंच पुस्तकों का भारतीय भाषाओं में अनुवाद किया जा चुका है।
स्वायत्त संगठन नेशनल बुक ट्रस्ट द्वारा किया गया है आयोजन
इस मेले का आयोजन भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (ITBP) के सहयोग से शिक्षा मंत्रालय के अधीनस्थ भारत सरकार के एक स्वायत्त संगठन नेशनल बुक ट्रस्ट द्वारा किया गया है। इस बार मेले की थीम आजादी का अमृत महोत्सव है। इस 9दिवसीय पुस्तक मेले में बड़ी संख्या में भारतीय और विदेशी प्रकाशक नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी केंद्र में पुस्तकों का एक विशाल संग्रह देखने को मिलेगा।
दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए फ्री एंट्री
इस बार पुस्तक मेला दिल्ली के प्रगति मैदान के नवनिर्मित हाल 2,3,4 में आयोजित किया जा रहा है। मेला देखने या किताबों की शॉपिंग करने वाले लोग प्रगति मैदान में गेट नंबर चार से प्रवेश सकते हैं। इस बुक फेयर में बच्चों के लिए 10 और बड़ों के लिए 20 रुपये का टिकट होगा। वहीं स्कूली बच्चों, दिव्यांगो और वरिष्ठ नागरिकों के लिए मेले में प्रवेश बिलकुल निशुल्क होगा। नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेले के टिकट प्रगति मैदान और चुनिंदा मेट्रो स्टेशनों से ऑनलाइन खरीदे जा सकते हैं।
मेले में G-20 पवेलियन भी है
भारत के G-20 प्रेसीडेंसी के वर्ष के साथ इस साल का विश्व पुस्तक मेला 2023 किताबों और साहित्य का सबसे बड़ा उत्सव है। किताबों के इस उत्सव में दुनिया भर के अन्य देशों के अलावा G-20 देशों की किताबें, साहित्य और संस्कृति को प्रदर्शित किया गया है। पुस्तक मेले के दौरान कई सेमिनार, सम्मेलन, पुस्तक विमोचन, साहित्यिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं।
प्रकाशन प्रभाग ने भी लिया भाग
इस बार पुस्तक मेले में करीब एक हजार प्रकाशक और दो हजार से ज्यादा स्टॉल लगे हैं। भारत सरकार का प्रमुख प्रकाशन गृह प्रकाशन प्रभाग भी विश्व पुस्तक मेले में अपने आजादी का अमृत महोत्सव पुस्तक संग्रह को प्रदर्शित कर रहा है। इसमें भारत के स्वतंत्रता संग्राम पर प्रकाश डाला जा रहा है और उन स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया जा रहा है जिन्होंने अपना जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित कर दिया। पुस्तक मेले में इतिहास, कला एवं संस्कृति, गांधीवादी साहित्य, भूमि एवं लोग, व्यक्तित्व व जीवनी, सिनेमा, और बाल साहित्य जैसे विषयों पर शीर्षक भी है।
इसके अलावा प्रकाशन प्रभाग राष्ट्रपति भवन से संबंधित अपनी पुस्तकों की विशिष्ट श्रृंखला के साथ-साथ राष्ट्रपतियों, उपराष्ट्रपतियों और प्रधानमंत्री के भाषणों को भी इस पुस्तक मेले में प्रस्तुत कर रहा है, जो कि प्रकाशन विभाग द्वारा विशेष रूप से प्रकाशित किए गए हैं। बुक स्टाल पर पुस्तकों के अलावा प्रकाशन प्रभाग की प्रमुख पत्रिकाएं जैसे कि योजना, कुरुक्षेत्र और आजकल भी उपलब्ध है। बच्चों की लोकप्रिय पत्रिका बाल भारती भी इस मेले का हिस्सा है। प्रकाशन प्रभाग का बहुप्रतीक्षित साप्ताहिक रोजगार समाचार पत्र एम्प्लॉयमेंट न्यूज (रोजगार समाचार) भी इस मेले में उपलब्ध है।