Bihar Budget Session: आज पेश किया जाएगा बिहार का बजट…2022-2023 के मुकाबले बजट में बढ़ोतरी की लगाई जा रही है उम्मीद

पटना: बिहार विधान सभा काबजट सत्र कल यानी 27 फरवरी से शुरु हो चुका है जो कि 5 अप्रैल तक चलेगा। आज बजट सत्र के दूसरे दिन वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी दोपहर 2 बजे बिहार बजट 2023-24 पेश करेंगे। महागठबंधन की सरकार बनने के बाद पहली बार संपूर्ण बजट पेश किया जा रहा है। पिछले 18 सालों में जदयू के यह तीसरे मंत्री हैं जो बजट पेश कर रहे हैं।

इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने बजट पेश किया था। जब एनडीए की सरकार थी तो सुशील कुमार मोदी और तार किशोर प्रसाद बजट पेश कर चुके हैं। वही 2015-17 में अब्दुल बारी सिद्धकी ने भी बजट पेश किया था।

2021 से बढ़ रहा है बिहार का बजट

बिहार राज्य के बजट का आकार वर्ष 2021-22 में दो लाख 18 हजार 302 करोड़ 70 लाख रुपये था, जो वर्ष 2022-23 में बढ़कर दो लाख 37 हजार, 691 करोड़ 19 लाख रुपये हो गया था। बिहार सरकार ने 2022-23 में छह सूत्रों का बजट पेश किया था, ये छह सूत्र मानव जीवन से जुड़े हुए थे। बताया गया था कि विकास में इसकी बड़ी भूमिका होगी।

स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग में निवेश, कृषि और संबंधित क्षेत्र, आधारभूत संरचना ग्रामीण एवं शहरी, विभिन्न वर्गों का कल्याण। इन छह सूत्रों के क्रियान्वयन पर ही 2022-23 में फोकस किया गया था। पिछली बार भाजपा कोटे के वित्त मंत्री सह उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने बजट पेश किया था। इस बार वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी बजट पेश करेंगे।

2.60 लाख करोड़ का हो सकता है बजट

वित्तीय वर्ष 2023-24 को लेकर उम्मीद जताई जा रही है कि 10 से 15 फ़ीसदी बजट को बढ़ाया जा सकता है। इससे पहले भी 2021-22 में 10 फ़ीसदी बजट बढ़ाया गया था। अगर यह परिपाटी जारी रही तो इस बार का बजट 2.60 लाख करोड़ का होगा। इस बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, कानून व्यवस्था पर ज्यादा फोकस रहने वाला है।

इस बार रोजगार पर भी ज्यादा फोकस किया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि कई सेक्टर में वैकेंसी को लेकर बजट में प्रावधान दिया जा सकता है। 2022-23 के बजट आकर में 2.37 लाख करोड़ में स्थापना और प्रतिबद्ध मद में 1.37 लाख करोड़ का प्रावधान किया गया था। जिसने वेतन मद में 64788 करोड़ का प्रावधान था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *