चंडीगढ़: ई-टेंडरिंग पर सरपंचों और सरकार के बीच की वार्ता असफल रही है। अब सरपंचों ने बड़े स्तर पर प्रदर्शन की चेतावनी दे डाली है। बैठक में 10 बिंदुओं पर हुई चर्चा में सहमति नहीं बन पाने के बाद सरपंचों ने सरकार को मंगलवार दोपहर 12 बजे तक का समय दिया है, इसके बाद भी कोई सकारात्मक जवाब नहीं आने पर 1मार्च को सीएम आवास का घेराव सरपंच जारी रखेंगे।
डेढ़ मांह से चल रहा है गतिरोध
करीब डेढ़ माह से सरपंच ई-टेंडरिंग के विरोध में आंदोलन कर रहे थे। सरपंचों के आंदोलन के बीच यह अहम बैठक मानी जा रही थी। अब तक सरकार ने सरपंचों के साथ कोई बैठक नहीं की थी। पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली और मुख्यमंत्री मनोहर लाल दोनों ही साफ कह चुके हैं कि बगैर बदलाव के ई-टेंडरिंग ग्राम पंचायतों के कार्यों में लागू रहेगी।
विधानसभा में भी उठा था मामला
विधानसभा के बजट सत्र में भी ई-टेंडरिंग का मामला गूंजा। साथ ही जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ समेत सत्ताधारी और विपक्षी विधायक सरपंचों के हकों की बात उठा चुके हैं।
यह बोले कैबिनेट मंत्री
सरपंचों के साथ हुई मीटिंग में पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली ने कहा कि ई-टेंडरिंग पर जो भी फैसला होगा वह कैबिनेट की मीटिंग में ही पाएगा। दोनों पक्षों के बीच हुई मीटिंग में कई बिंदुओं पर बात हुई। पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली अब इन बिंदुओं को लेकर CM के साथ चर्चा करेंगे।