दिल्ली में श्रद्धा हत्याकांड 2: प्रेमिका की गला दबाकर हत्या, शव को कार में रखकर 40 KM दौड़ाया, बाद में फ्रिज में रखा शव

दिल्ली में श्रद्धा हत्याकांड 2:दिल्ली के महरौली में हुए श्रद्धा वालकर हत्याकांड को लोग अभी भूल भी नहीं पाए कि अब एक और युवती निक्की की प्रेम प्रसंग में हत्या का मामला सामने आया है। यह हत्याकांड दिल्ली के बाबा हरिदास नगर में हुआ है। जहां पर प्रेमी साहिल गहलोत ने अपनी प्रेमिका निक्की यादव को गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया।

बुधवार को निक्की हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। दरअसल, साहिल की शादी की जानकारी निक्की को हो गई थी। जिसके बाद दोनों में झगड़ा हुआ था। इसके बाद साहिल ने निक्की से फोन करके कहा था कि आओ कार से घूमने चलते हैं। इसके बाद साहिल निक्की को लेकर कार से घूमने चला गया।

साहिल ने रास्ते में ही निक्की की गला दबाकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं आरोपी साहिल ने प्रेमिका के शव को बगल वाली सीट पर रखकर 40 KM तक कार को दिल्ली की सड़कों पर घुमाया। साहिल ने अपनी प्रेमिका की हत्या इसलिए की क्योंकि साहिल पर घरवालों की मर्जी से शादी करने का दबाव था। निक्की को रास्ते से हटाने के लिए साहिल ने यह जघन्य कृत्य किया।

बाद में साहिल ने निक्की के शव को अपने बंद पड़े ढाबे में ठिकाने लगाने का फैसला लिया। साहिल ने निक्की के शव को ढाबे के फ्रिज में रख दिया। जिसको पुलिस ने चार दिन बाद बरामद कर लिया और आरोपी साहिल को भी धर दबोचा।

बता दे कि, साहिल गहलोत और निक्की यादव की दोस्ती साल 2018 में हुई थी। साहिल दिल्ली के नजफगढ़ के मित्रांव गांव का रहने वाला है। निक्की यादव हरियाणा के झज्जर से है। दोनों उत्तम नगर में कोचिंग करते थे। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई और बाद में दोनों लिव इन रिलेशन में रहने लगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *