UP News: सपा नेता आजम खान (Azam Khan) और उनके परिवार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। अब अदालत ने आजम खान और उनके विधायक बेटे अब्दुल्ला आजम (Abdullah Azam) को दो-दो साल की सजा सुनाई है। जिसके बाद अब्दुल्ला आजम की विधायकी का जाना तय है। साथ ही आजम खान रामपुर (Ranpur) की अदालत से सजा मिलने के बाद अपनी विधायकी पहले ही खो चुके हैं।
15 साल पुराने केस में मिली सजा
बता दे कि, सपा नेताओं को 15 साल पुराने केस में सजा मिली है। अब्दुल्ला आजम स्वार सीट से विधायक हैं और आजम खान रामपुर से विधानसभा 2022 का चुनाव जीते थे। दोनों सपा नेताओं पर मामला साल 2008 में छजलैट थाने (Chajlet Police Station) में दर्ज हुआ था।
जानकारी के लिए बता दे कि, 2 जनवरी साल 2008 में आजम खान अपने परिवार के साथ मुजफ्फरनगर (Muzaffarnagar) जा रहे थे। छजलैट पुलिस थाने (Chajlet Police Station) के सामने वाहन चेकिंग के दौरान आजम खां की गाड़ी को पुलिस ने रोक लिया था। जिसके विरोध में आजम खां और उनके बेटा अब्दुल्ला आजम सड़क पर धरने पर बैठ गए थे। जिसके बाद आसपास के जनपदों से सपा कार्यकर्ता भी पहुंच गए थे।
जनता को उकसाने का लगा था आरोप
सपा नेता आजम खान और उनके बेटे पर आरोप है कि उन्होंने आम जनता को उकसाकर सड़क जाम करते हुए बवाल किया था और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की थी। जिसके बाद उन पर छजलैट थाने में मामला दर्ज किया गया था।
आजम खान समेत कई विधायकों पर लगा था आरोप
गौरतलब है कि, इस मामले में रामपुर के पूर्व विधायक आजम खां, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम, मुरादाबाद देहात विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक हाजी इकराम कुरैशी, बिजनौर की नूरपुर विधानसभा सीट के पूर्व विधायक नईम ऊल हसन, नगीना से सपा विधायक मनोज पारस, अमरोहा के सपा विधायक महबूब अली, राजेश यादव, डीपी यादव, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजकुमार प्रजापति को आरोपी बनाया गया था।
साक्ष्यों के अभाव में कई आरोपी बरी
छजलैट मामले की सुनवाई साल 2019 से मुरादाबाद की एमपी एमएलए कोर्ट (Muradabad MP MLA Court) में की जा रही थी। विशेष लोक अभियोजक मोहन लाल विश्नोई ने बताया कि अदालत ने पत्रावली पर मौजूद साक्ष्यों के आधार पर आजम खां और अब्दुल्ला आजम को दोषी करार दिया। जिसके बाद दोनों सपा नेताओं को दो-दो साल की सजा और तीन-तीन हजार रुपये का जुर्माना लगाया। अन्य आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में केस से बरी कर दिया।