पेशावर: एक तरफ पाकिस्तान आर्थिक मंदी झेल रहा है। दूसरी तरफ आतंकी हमलों से कई स्थानीय लोग त्रस्त हैं। आज पेशावर की एक मस्जिद में आत्मघाती हमला हुआ। इस हमले में 28 लोगों की मौत हो गई।
Strongly condemn the terrorist suicide attack in police lines mosque Peshawar during prayers. My prayers & condolences go to victims families. It is imperative we improve our intelligence gathering & properly equip our police forces to combat the growing threat of terrorism.
Imran Khan (@ImranKhanPTI) January 30, 2023
पुलिस लाइन के पास हुआ धमाका
बताया जा रहा है कि धमाका इतना जोरदार था, की उसकी वजह से मस्जिद का एक हिस्सा पूरी तरह से ढह गया। ब्लास्ट पेशावर में पुलिस लाइंस के पास में स्थित मस्जिद में जोहर की नमाज के बाद हुआ। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें धमाके के बाद अफरा-तफरी का माहौल नजर आ रहा है।
मस्जिद का एक हिस्सा हुआ धराशाही
पेशावर के लेडी रीडिंग हॉस्पिटल के प्रवक्ता मोहम्मद असीम ने पाकिस्तानी मीडिया को बताया कि घायलों को अभी भी अस्पताल लाया जा रहा है, कुछ की हालत गंभीर है। इलाके की पूरी तरह से घेराबंदी कर दी गई है और सिर्फ एंबुलेंस को ही आने दिया जा रहा है। पुलिस अधिकारी सिकंदर खान ने कहा कि इमारत का एक हिस्सा ढह गया है। इसके नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका है।
इससे पहले भी हो चुका है ब्लास्ट
इससे पहले पाकिस्तान में मस्जिद पर हमले के मामले सामने आते रहे हैं। 16 मई 2022 को पाकिस्तान के कराची में एक ब्लास्ट हुआ था। यहां MA जिन्ना रोड पर मेमन मस्जिद के पास विस्फोट हुआ था, इसमें एक महिला की मौत हो गई थी। जबकि 8 लोग जख्मी हो गए थे।
26 अप्रैल 2022 को भी हुआ था हमला
इससे पहले 26 अप्रैल 2022 को पाकिस्तान की कराची यूनिवर्सिटी में एक आत्मघाती हमला हुआ था। इसमें 3 चीनी और एक पाकिस्तानी नागरिक की मौत हुई थी। इस हमले को बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी की आत्मघाती हमलावर शैरी बलूच ने अंजाम दिया था। पाकिस्तान में पिछले कुछ सालों में चीनी नागरिकों पर भी हमले बढ़े हैं।