IPL 2023 में इस बार धाकड़ बल्लेबाज ज्ञषभ पंत (Rishabh Pant) का जलवा देखने को नहीं मिलेगा। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत शुक्रवार सुबह हुए कार हादसे के बाद फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं। पंत रुड़की में स्थित अपने घर जा रहे थे जब उनकी गाड़ी हाईवे के डिवाइडर से जाकर टकरा गई। वहीं, ऋषभ पंत ने हाल ही में बांग्लादेश के दौरे पर टेस्ट सीरीज (India vs Bangladesh Test Series 2022) खेली थी। इस सीरीज में भारत ने क्लीन स्वीप किया था। इसके साथ ही अब बल्लेबाज के चोटिल होने के बाद ऐसा माना जा रहा है कि वह आईपीएल में अपना प्रदर्शन नहीं दिखा सकेंगे।
लिंगामेंट इंजरी बढ़ाएगी मुश्किल
क्रिकेटर पंत का इलाज कर रही मेडिकल टीम के एक सदस्य ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि, पंत की जांच डॉक्टर गौरव गुप्ता करने वाले हैं। पंत की हालत स्थिर है, उन्हें जानलेवा इंजरी नहीं हुई हैं। वो अपनी मां के साथ हैं।उनकी चोट के बारे में बताते हुए एम्स ऋषिकेश के डॉक्टर कमर अजम ने बताया कि लिगामेंट इंजरी पंत की मुश्किलें बढ़ा देगी। उन्होंने कहा, पंत को लिगामेंट इंजरी से रिकवर होने में कम से कम तीन से छह महीने लगेंगे। अगर यह इंजरी और गंभीर है तो उन्हें और ज्यादा समय भी लग सकता है।
IPL 2023 से बाहर हो सकते हैं पंत
वहीं, पंत को श्रीलंका के खिलाफ आगामी सीरीज से बाहर रखा गया है क्योंकि उन्हें फरवरी में होने वाली बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी (Border Gavaskar Trophy) से पहले एक कार्यक्रम के लिए एनसीए (NCA) में शामिल होना है। हालांकि अब पंत के सभी प्लान फ्लॉप होते दिखाई दे रहे हैं। अगर पंत तीन महीने एक्शन से बाहर रहते हैं तो इसका साफ मतलब है कि वो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के अलावा आईपीएल से भी बाहर हो सकते हैं। पंत दिल्ली कैपिटल्स(Delhi Capitals)के कप्तान हैं।