नई दिल्ली: ठंड के साथ-साथ अब कोहरे का भी कहर शुरु हो गया है जिसके कारण रोडवेज से लेकर हवाई यात्रा और ट्रेनें प्रभावित हुई है। घने कोहरे के कारण कम दृश्यता होने की वजह से एक तरफ जहां सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि हो गई है वहीं दूसरी तरफ ट्रेनें भी काफी प्रभावित हुई है। ट्रेनें अपनी निर्धारित समय से कम-से-कम 1-5 घंटे लेट चल रही हैं। इस बीच यूपी, बिहार रूट की लगभग 300 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है तो कई ट्रेनों की रूट बदल दी गई है जिसके कारण यात्रियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
भारतीय रेलवे ने ठंड और कोहरे को देखते हुए यूपी, बिहार, झारखंड, पंजाब आदि कई रूटों की ट्रेने रद्द कर दी है जिससे होने वाली दुर्घटनाओं से बचा जा सके। हालांकि इससे सबसे ज्यादा परेशानी लंबे रूट वाले यात्रियों को हो रही है। ऐसे में उन यात्रियों को जिनकी टिकट कैंसिल हो गई है उन्हें या तो ट्रेन के रिशेड्यूल होन का इंतजार है या फिर कोई अन्य विकल्प ढूंढना पड़ रहा है।
हर रोज लाखों की संख्या में लोग ट्रेन से सफर करते हैं। इनमें कुछ वैसे लोग भी होते हैं जो अपने निर्धारित समय का काम लेकर सफर करते हैं लेकिन ट्रेनों में इस तरह बदलाव होने से यात्री सिर्फ परेशान ही नहीं बल्कि यात्रियों के होने वाले जरूरी काम पर भी प्रभाव पड़ रहा है। इनमें कई ऐसे विद्यार्थी भी होते हैं जो ट्रेन के निर्धारित समय के अनुसार अपना शेड्यूल बनाकर सफर पर निकलते हैं लेकिन ट्रेन लेट होने के कारण उन्हें भी काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है।