चंडीगढ़- दूध दही का खाना..नंबर वन हरियाणा। ये वाक्य हरियाणा में अक्सर कही सुनी जाती है। हरियाणवी अपने खेत खलिहान, खान-पान, पहनावे और बोल-चोल के लिए जाना जाते हैं। उसी नंबर वन हरियाणा की एक पहचान यह भी बनी है कि विगत वर्षों में हरियाणा से बड़े-बड़े खिलाड़ी सामने आ रहे हैं। जो न केवल प्रदेश तक बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर तक खेलने जाते है। मैदान चाहे कोई भी हो, खेल चाहे कोई भी हो… हरियाणा के खिलाड़ी जिस भी मैदान में उतरते है वहां अपना लोहा मनवाकर ही वापस लौटते है। फिर चाहे वो महिला खिलाड़ी हो या पुरूष खिलाड़ी। आज इस लेख के माध्य से हम ऐसी ही एक महिला खिलाड़ी बबीता फोगाट के बारे में जानेंगे। जिन्होंने पहलवान बनकर बाकी लड़कियों के लिए नए आयाम स्थापित किए है, और साबित किया है कि महिलाएं घर की कमान के साथ-साथ अखाड़े में लड़ भी सकती है और जीत भी सकती है।
पिता से ही सीखी पहलवानी
बबीता फोगाट का जन्म हरियाणा के भिवानी जिले में 20 नंवबर 1989 को हुआ। बबीता की बड़ी बहन गीता फोगाट है। जोकि खुद भी एक पहलवान है। इनके पिता महावीर सिंह फोगाट भी पहलवान रहे हैं और कोच की भूमिका निभाते रहे हैं। गीता और बबीता दोनों बहनों को पहलवानी की प्रेरणा अपने पिता से ही मिली। बबीता ने बचपन से ही पहलवानी की ट्रेनिंग शुरू कर दी थी। यह ट्रेनिंग उनके पिता ही उनके देते थे। बता दें कि ट्रेनिंग के दिनों में बबीता लड़को से कुश्ती करती थी।
बबीता फोगाट की उपलब्धियां
बबीता फोगाट पहली बार साल 2009 में कुश्ती चैंपियनशिप में 51 किलोग्राम महिला फ्रीस्टाइल इवेंट में स्वर्ण पदक जीत कर चर्चाओं में आई थी। साल 2012 में कनाडा में हुए विश्व चैंपियनशिप में बबीता फोगाट ने कांस्य पदक हासिल किया। साल 2014 में खेले गए राष्ट्रमंडल खेल में बबीता फोगाट ने स्वर्ण पदक हासिल किया था। इसी के साथ उन्होंने साल 2018 में खेले गए राष्ट्रमंडल खेल में रजत पदक हासिल किया।
शादी और राजनीतिक करियर
बबीता फोगाट ने 1 दिसंबर 2019 को अपने साथी पहलवान विवेक सुहाग से शादी कर ली थी। इसी के साथ 2019 में ही बबीता फोगाट अपने पिता महावीर संग भाजपा में शामिल हुई, और हरियाणा के दादरी से चुनाव भी लड़ा था। जिसमें उनकों हार मिली।