नई दिल्ली: कॉमेडी फिल्मों से प्रसिद्धि हासिल करने वाले अभिनेता रितेश देशमुख का आज 44वां जन्मदिन है। अभिनेता का जन्म 17 दिसंबर, 1978 को महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और दिवंगत नेता विलासराव देशमुख के घर हुआ था, लेकिन राजनीति में करियर बनाने की बजाए उन्होंने फिल्मों की दुनिया में कदम रखा। वर्ष 2003 में बॉलीवुड में अपनी यात्रा शुरू करने वाले रितेश ने अपना फिल्मी सफर तुझे मेरी कसम से शुरू किया था। इस फिल्म में उनकी पत्नी जेनेलिया डिसूजा ने भी काम किया था। हालांकि वह अपनी डेब्यू फिल्म से लोगों के बीच उतने लोकप्रिय नहीं हुए।
साल 2004 में रिलीज हुई फिल्म मस्ती ने उन्हें रातोंरात मशहूर बना दिया। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर कभी नहीं देखा। अपनी एक्टिंग के दम पर रितेश लाखों दिलों पर राज करते हैं। हिंदी के अलावा वह मराठी सिनेमा में भी सक्रिय हैं।
रितेश देशमुख हमेशा अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और शानदार परफॉर्मेंस से दर्शकों को प्रभावित करने में कामयाब रहे हैं। रितेश सबसे पसंदीदा अभिनेताओं में से एक हैं। एक अभिनेता के रूप में एक सफल लकीर का आनंद लेने के बाद, उन्होंने 2013 में एक निर्माता के रूप में अपनी शुरुआत की। अब, वह अपनी आगामी फिल्म वेद के साथ एक निर्देशक के रूप में अपनी शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
अपने पसंदीदा अभिनेता के बारे में आप ये सारी बातें तो पहले से ही जानते होंगे, तो चलिए आज हम आपको उनकी और अभिनेत्री जेनेलिया डिसूजा की लव स्टोरी बताते हैं।
रितेश और जेनेलिया की लव स्टोरी
बॉलीवुड कलाकारों की फिल्मों के साथ-साथ उनकी प्रेम कहानियां भी काफी मशहूर हैं।आमतौर पर ऐसा होता है कि फिल्म के सेट पर दो लोगों की मुलाकात होती है, प्यार होता है, साथ आते हैं और फिर अलग हो जाते हैं।रितेश और जेनेलिया डिसूजा की प्रेम कहानी इससे काफी अलग है। उनकी प्रेम कहानी न केवल अपने मुकाम तक पहुंची बल्कि आम लोगों के लिए एक मिसाल भी बनी।
एयरपोर्ट पर हुई पहली मुलाकात
फिल्म तुझे मेरी कसम की शूटिंग के लिए तय लोकेशन पर जाते वक्त रितेश और जेनेलिया की पहली मुलाकात हैदराबाद एयरपोर्ट पर हुई थी।दोनों ही तुझे मेरी कसम के जरिए हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अपना पहला कदम रखने जा रहे थे, इसलिए दोनों एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझ पा रहे थे।धीरे-धीरे बातों का सिलसिला बढ़ा और दोनों की दोस्ती हो गई।