पटना: बिहार में आए दिन जहरीली शराब से हो रही मौत की खबर सामने आ रही है। जहरीली शराब से हो रही मौतों का मामला विधानसभा में भी भाजपा नेताओं ने उठाया था लेकिन सीएम इस मुद्दे को गंभीरता से ना लेते हुए विपक्षियों पर हमलावर हो गए थे जिसके बाद सदन स्थगित हो गई थी। इसी बीच छपरा में जहरीली शराब से हुई मौतों को लेकर मंत्री समीर महासेठ का बेतुका बयान सामने आया है। दरअसल, गुरुवार सुबह सामने आई जानकारी के मुताबिक बिहार के छपरा जिले में जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या बढ़कर 43 हो गई। अभी भी कई लोगों की हालत गंभीर है, जो छपरा सदर अस्पताल के साथ-साथ अन्य हॉस्पिटलों में इलाजरत है।
मरने वालों के घर में कोहराम मचा है। किसी का बेटा, किसी का पति तो किसी का कमाऊ भाई की मौत हो गई है। गांव में मातम पसरा रहा है। इधर बिहार सरकार के एक मंत्री का बेतुका बयान सामने आया है। जिसने गमगीन लोगों के गुस्से को और बढ़ा दिया है। बिहार के मंत्री समीर महासेठ ने जहरीली शराब से हो रही मौत के मामले में बेतुका बयान देते हुए कहा कि पावर बढ़ाओ… सब बर्दाश्त कर लोगे…।