News By: Shanti Pandey
नई दिल्ली: 4 दिसंबर यानी आज दिल्ली नगर निगम का चुनाव हो रहा है। शाम 4 बजे तक लगभग 45 फिसदी वोटिंग हो चुकी है। एमसीडी चुनाव में सभी पार्टी के बड़े-बड़े दिग्गज जैसे भाजपा नेता हर्षवर्धन, प्रवेश वर्मा, आप नेता और दिल्ली सीएम केजरीवाल, आप मंत्री गोपाल राय, कांग्रेस नेता अजय माकन, अलका लांबा समेत कई राजनीतिक नेताओं ने मतदान किया। सभी नेताओं ने मतदाताओं से अपनी-अपनी पार्टी के लिए अधिक से अधिक मतदान करने की अपील भी की। साथ ही अपनी-अपनी पार्टियों की जीत के लिए भरोसा भी जताया।
इसी बीच आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी ने एक-दूसरे पर धांधली करने का आरोप भी लगाया है। दिल्ली नगर निगम की 250 सीटों के लिए आज सुबह 8 बजे से वोटिंग हो रही है। इसी बीच राजनीति भी गरमा गई है। दरअसल, बीजेपी और आम आदमी पार्टी दोनों ने ही वोटर लिस्ट से अपने समर्थकों के नाम गायब होने का आऱोप लगाया है। बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि हमारे करीब एक हजार समर्थकों के वोट काटे गए हैं, तो वहीं डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा कि कई लोगों के नाम वोटर लिस्ट से गायब हैं। मनीष सिसोदिया ने इसे साजिश का एक हिस्सा भी बताया है।
साजिश का आरोप लगाते हुए सिसोदिया ने कहा कि कई नाम वोटर लिस्ट में नहीं हैं। लोग पोलिंग बूथ के बाहर शिकायत कर रहे हैं कि हमारा नाम वोटर लिस्ट में नहीं हैं। मैं इस साजिश के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत करने जा रहा हूं।
वही, बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि वोट काटना और जोड़ना दिल्ली सरकार का काम है। साथ ही कहा कि अगर किसी का दो जगह वोट है तो वह एक जगह से वोट कटवा सकता है, लेकिन इसके लिए वोटर ही अप्लाई करेगा, लेकिन उससे पूछे बिना वोट कैसे काट सकते हैं।
इस दौरान मनोज तिवारी ने AAP संयोजक और दिल्ली सीएम केजरीवाल को भ्रष्टाचारियों के सरदार भी बताया। साथ ही कहा कि जिनके वोट काटे गए हैं, उनकी बात सुनी जानी चाहिए। इस मामले की शिकायत चुनाव से करने के सवाल पर मनोज तिवारी ने कहा कि मैंने विजयदेव से फोन पर बात की है। मुझे लगता है कि इस पर निश्चित रूप से कार्रवाई होनी चाहिए और अगर जरूरत पड़ी तो री-इलेक्शन की भी मांग करेंगे।
आपको बता दें कि इस दौरान AAP विधायक दिलीप पांडे ने मनोज तिवारी के आरोप पर पलटवार करते हे कहा कि मनोज तिवारी रोना बंद करें। क्योंकि जनता सब जानती है। दिल्ली के लोग बीजेपी के एमसीडी में 15 साल के शासन से त्रस्त हो चुके हैं। हमारी अपील है कि दिल्ली वाले वोट ज़रूर डालें। दिलीप पांडे ने कहा कि बीजेपी सारी मशीनरी को कंट्रोल करती है, और वो ऐसा रोना रोती है तो लगता है कि मजाक उड़ाया जा रहा है। बीजेपी अपनी जमीन खो चुकी है। उन्हें चुनाव के लिए ऐसा नहीं करना चाहिए।