गुजरात के चुनावी समर में बयानों के तीर चल रहे हैं। क्या छोटे, क्या बड़े, क्या स्थानीय, क्या राष्ट्रीय हर तरह के नेता अपनी सीमा लांघ जुबानी तीर चला रहे हैं। हाल ही में कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष और दिग्गज कांग्रेसी नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए एक ऐसा बयान दिया है जिस पर भाजपा की तरफ से तीखी प्रतिक्रिया सामने आ रही है।
क्या बोले थे मल्लिकार्जुन खड़गे
गुजरात के चुनावी अभियान में जुबानी तरकश से तीर चला रहे मल्लिकार्जुन खड़गे ने चुनाव प्रचार के दौरान कहा कि पीएम मोदी जैसा व्यक्ति गरीब होने का दावा करता है। मैं अछूतों में से एक हूं। कम से कम तुम्हारी चाय तो कोई पीता है, मेरी चाय भी कोई नहीं पीता है और फिर आप बोलते हैं कि मैं गरीब हूं। मुझे किसी ने गालियां दीं, मेरी औकात क्या है। 80 वर्षीय मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि यदि आप इसे सहानुभूति के लिए बताते हैं, तो लोग अब होशियार हो गए हैं। आप कितनी बार झूठ बोलेंगे? कितने बार झूठ पर झूठ बोलेंगे। ये झूठों के सरदार हैं।
खड़गे के बयान पर राजनाथ का पलटवार
वैसे तो खड़गे के बयान से बौखलाई भाजपा के हर बड़े छोटे नेता के निशाने पर कांग्रेस अध्यक्ष हैं ही लेकिन इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपशब्दों का प्रयोग कर रही है। अनुचित शब्दों का प्रयोग स्वस्थ राजनीति की निशानी नहीं है। खड़गे के सवाल के जवाब में रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा ध्रुवीकरण की राजनीति नहीं करती है। भाजपा सभी वर्गों के के लिए बिना भेदभाव के काम करती है।
संबित पात्रा ने भी दिया जवाब
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा मल्लिकार्जुन खड़गे के चाय वाले बयान पर कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया है। पात्रा ने कहा कि उन्हें यह सुनकर बहुत दुख हुआ है कि इतने वरिष्ठ नेता, कांग्रेस में दशकों तक सक्रिय एवं अहम पद पर रहे खड़गे के हाथ से कांग्रेस के नेता चाय नहीं पीते हैं। पात्रा ने आगे कहा कि वह यह जानकर दुखी और हतप्रभ है कि राहुल और सोनिया उनके हाथ से चाय पीना नहीं चाहते। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पहले सोनिया गांधी ने इसी तरह का व्यवहार सीताराम केसरी के साथ किया था और अब खड़गे की बारी है।
हिमंत बिस्वा सरमा भी नहीं रहे पीछे
अपने चुनाव प्रचार के दौरान गुजरात पहुंचे हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेसी नेता राहुल गांधी के लुक को देखकर उन्हें सद्दाम हुसैन बताया था वहीं बिस्वा सरमा अब मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधने से आहत दिख रहे हैं। सरमा ने खड़गे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि कहा है कि मल्लिकार्जुन खड़गे कहते हैं कि मेरे साथ कोई चाय नहीं पीता तो शायद राहुल गांधी खड़गे जी के साथ चाय नहीं पीते और कांग्रेस ऐसी प्रथाओं का पालन करती है।