जम्मू कश्मीर में सेना की और से आतंकियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। देर रात पुंछ जिले के मेंढर के नर वन क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से सुरक्षा बलों द्वारा जारी व्यापक तलाशी अभियान के बीच आज सुबह जम्मू-पुंछ राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया।
सेना के द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि घने जंगल क्षेत्र में आतंकवादियों की मौजूदगी की आशंका पर सेना ने कई दिन पहले तलाशी अभियान शुरू किया था।
उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर भीमबेर गली और जरांवाली गली के बीच राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है। उन्होंने बताया कि कल सुबह करीब साढ़े आठ बजे राजमार्ग पर यातायात बहाल होने के बाद गुरुवार को भी यातायात रोक दिया गया।
वीरवार से चल रहा है अभियान
दोपहर को जंगल में संदिग्धों, आतंकियों के मौजूद होने की आशंका के चलते एहतियातन गोलाबारी के साथ ही गोलियां बरसाई गईं। उसके बाद वीरवार शाम छह बजे सेना की तरफ से पुंछ-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बंद करने के साथ ही जंगल में भारी गोलाबारी के साथ राकेट दागने शुरू कर दिए गए।
कश्मीर के शोपिया में आईईडी मिली
दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में आईईडी धमाके से किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की आतंकियों की साजिश को सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को नाकाम कर दिया। पुलिस ने बताया कि इमाम साहिब इलाके में कुकर आईईडी सुरक्षा बलों ने बरामद की। यह सफलता 44 राष्ट्रीय राइफल्स को तलाशी अभियान के दौरान मिली है।