मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर कोरोना वायरस के भय में जी रहे लोगों को लगातार प्रोत्साहित कर रहे हैं। उन्होंने कई विडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लोगों को इस वायरस से बचने या यूं कह लें लड़ने के लिए उपाय सुझाए थे। अब क्रिकेट के भगवन कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने शुक्रवार को COVID-19 महामारी से लड़ने के लिए 50 लाख रुपये दिए। भारत में अब तक 17 लोगों की जान जा चुकी है। पूरे भारत में 21 दिनों का लॉकडाउन जारी है।
वहीं पीटीआई से नाम गुप्त रखने की शर्त पर एक सूत्र ने कहा, कोरोना से लड़ाई के लिए सचिन तेंदुलकर ने प्रधान मंत्री राहत कोष और मुख्यमंत्री राहत कोष में प्रत्येक को 25 लाख रुपये का योगदान का फैसला किया है।
बता दें कि 46 साल के सचिन चैरिटी के काम से जुड़े रहे हैं। वह कई बार आगे आए हैं और लोगों की मदद की है, जिन्हें कभी भी सार्वजनिक नहीं किया गया। लिटिल मास्टर ने इससे पहले कहा था- आज हवाई अड्डों में स्क्रीनिंग कर्मियों, परीक्षण प्रयोगशालाओं और अस्पतालों में तनाव बढ़ गया है। जब हम उनके बहादुर प्रयासों की सराहना करते हैं तो हमारा भी कर्तव्य है कि हम उनके काम का बोझ कम करें और उन्हें समय दें। यदि हम सभी गैर-आवश्यक यात्रा और सामाजिक समारोहों से बच सकते हैं, तो उन लोगों की संख्या को कम करने में मदद मिलेगी, जिनकी स्क्रीनिंग की आवश्यकता है। यह बदले में कोरोनो वायरस के खिलाफ हमारी लड़ाई में अग्रिम पंक्ति के योद्धाओं की तरह मदद करेगा और साथ ही उन्हें केवल महत्वपूर्ण मामलों में भाग लेने में मदद करेगा। यह इस बीमारी की प्रकृति को पूरी तरह से समझने के लिए दुनिया भर के वैज्ञानिकों और डॉक्टरों के लिए समय भी खरीदेगा। आखिर हम कोरोना से तब बच सकते हैं जब पूरी दुनिया बची रहेगी न कि सिर्फ हमें बचे रहेंगे तो।