मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को लेकर कहा कि वह देश के सबसे बड़े ड्रामेबाज हैं। पूर्व सीएम चौहान ने कहा, दिग्विजय सिंह जी देश के सबसे बड़े ड्रामेबाज हैं। आज उनको (अपने) विधायक याद आ रहे हैं। शिवराज का यह बयान उस समय आया है जब कांग्रेस नेता पार्टी के बागी के विधायकों से मिलने के लिए बंगलूरू पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मिलने से रोक दिया।
शिवराज ने यहां तक कहा कि बागी विधायक दिग्विजय से सावधान हैं और उनसे मिलना नहीं चाहते है। मध्यप्रदेश में चल रहे राजनीतिक संकट के मद्देनजर यहां ग्रेस रिसॉर्ट में ठहराये गए भाजपा विधायकों से मिलने पहुंचे चौहान ने संवाददाताओं से कहा, दिग्विजय सिंह जी देश के सबसे बड़े ड्रामेबाज हैं। आज उनको (अपने) विधायक याद आ रहे हैं.
बता दें कि पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने पुलिस पर विधायकों से मुलाकात न करने देने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने सिंह सहित अन्य कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया।
पूर्व सीएम चौहान ने कहा, बेंगुलुरू में रह रहे मध्यप्रदेश के बागी कांग्रेस विधायक इतने त्रस्त थे कि वो वीडियो जारी करके कह रहे हैं कि हमें दिग्विजय सिंह से नहीं मिलना है। चौहान ने दिग्विजय एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ पर तंज कसते हुए कहा, जब कर सकते थे, तब किया नहीं। अब इन विधायकों की लौट आने की बात कर रहे हैं।
गौरतलब है कि शिवराज ने विधानसभा में तत्काल बहुमत परीक्षण की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है।