झारखंड में कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार शहजादा अनवर ने किया नामांकन कर दिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव, मंत्री आलमगीर आलम समेत कई लोग रहे मौजूद। हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के लिए महागठबंधन की ओर से कांग्रेस के शहजादा अनवर को प्रत्याशी बनाया गया है और मुझे लगता है इस चुनाव को थोड़ा इंटरेस्टिंग होना जरूरी है। आज नॉमिनेशन हुआ है, कल एक नई रणनीति के साथ आगे बढ़ेंगे। वहीं, शहजादा अनवर ने इस मौके पर कहा कि इस राज्यसभा चुनाव में झारखंड से गठबंधन के उम्मीदवार के तौर पर मैं हूं और मैं इतना कह सकता हूं काफी गंभीर विचार मंथन करने के बाद आलाकमान और राज्य के नेतृत्व के निर्देश पर मैं चुनावी मैदान में हूं।
जहां बीजेपी ने दीपक प्रकाश के नाम पर मुहर लगा दी है, वहीं कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस ने झारखंड से शहजाद अनवर को अपना प्रत्याशी बनाया है। इससे पहले गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह ने इसको लेकर सीएम हेमंत सोरेन से बात की थी। वर्तमान की 80 विधायक वाले सदन में दूसरी सीट जीत के लिए जादुई आंकड़ा 27 का है। कांग्रेस के पास अपने 16 विधायक, प्रदीप और बंधु मिलाकर 18, पहले प्रत्याशी को वोट देने के बाद जेएमएम के बचे दो और आरजेडी का एक यानी 21 विधायकों का समर्थन है।
एनसीपी के कमलेश सिंह और माले के विनोद सिंह भी उसे वोट कर सकते हैं। ऐसे में ये संख्या 23 हो जाएगी। अब कांग्रेस को 4 वोटों की जरूरत पड़ेगी। ऐसे में आजसू के दो। निर्दलीय सरयू राय और अमित यादव को साथ लाना होगा, तो फिर नैया पार हो सकती है। अगर बीजेपी की तरफ से क्रॉस वोटिंग हुई तो फिर सीट कांग्रेस के हाथ में आ सकती है।