अमेरिका में नवंबर में राष्ट्रपति चुनाव होने वाला है। रिपब्लिकन (Republican) और डेमोकेट्स (Democratic) दोनों पार्टियां अपने-अपने राष्ट्रपति उम्मीदवार (President Candidate) को चुनने के लिए वोट कर रही हैं। रिपब्लिकन की तरफ से तकरीबन ये तय है कि डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार होंगे। लेकिन सवाल है कि डेमोक्रेट्स की तरफ से उन्हें कौन चुनौती देगा? इसका जवाब भी जल्दी ही पता चल जाएगा। क्योंकि डेमोकेट्स के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों की दौड़ में शामिल चेहरों के समर्थक डेलीगेट्स के चुनाव नतीजे सामने आने लगे हैं।
अमेरिका में सुपर ट्यूजडे के नतीजे सामने आने लगे हैं. सुपर ट्यूजडे के दिन डेमोकेट्स के राष्ट्रपति का उम्मीदवार चुनने के लिए सबसे ज्यादा राज्यों में वोटिंग होती है। आमतौर पर ऐसा हर चुनावी साल में ट्यूजडे यानी मंगलवार के दिन होता है। इसलिए इसे अमेरिका में सुपर ट्यूजडे कहा जाता है। सुपर ट्यूजडे के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। लेकिन पूरे नतीजे आने में अभी वक्त लगेगा।
बता दें कि डेमोक्रेट्स के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की दौड़ में जो बाइडेन आगे चल रहे हैं। उन्हें 453 वोट (डेलीगेट्स) हासिल हुए हैं। हालांकि जो बाइडेन को बर्नी सैंडर्स की तरफ से कड़ी टक्कर मिल रही है। बर्नी सैंडर्स को 382 वोट (डेलीगेट्स) मिले हैं। इन दोनों उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर है। अभी कुछ बड़े राज्यों के वोटों की गिनती होनी बाकी है। इसलिए अभी ये कहना मुश्किल है कि इसमें जो बाइडेन बाजी मारते हैं या बर्नी सैंड्स।
इन दो उम्मीदवारों के साथ ही एलिजाबेथ वॉरेन, माइकल ब्लूमबर्ग, पेटे बेटेगीग, अमी क्लोबूचर और तुलसी गेबार्ड भी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के चुनाव की दौड़ में हैं। लेकिन मुख्य मुकाबला जो बाइडेन और बर्नी सैंडर्स के बीच ही है। उम्मीदवारी की दौड़ में शामिल तुलसी गेबार्ड भारतीय मूल की अमेरिकी हिंदू सांसद हैं। उन्हें अभी तक सिर्फ एक वोट हासिल हुआ है। तुलसी गेबार्ड हवाई से अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स में चार बार की डेमोक्रेट सांसद हैं।