कोरोना वायरस: दिल्ली के मेट्रो स्टेशनों पर वायरस से संबंधित दी जाएगी जानकारी

चीन से फैले कोरोना वायरस का कहर अब भारत में भी देखने को मिल रहा है और कई मामलों की पुष्टि भी हो चुकी है। वहीं अब देश की राजधानी दिल्ली में मेट्रो ने कोरोना वायरस को लेकर एहतियात के तौर पर उठाए जाने वाले कदमों के बारे में बताया है।

दिल्ली-एनसीआर में हाल के दिनों में कोरोना वायरस के कुछ मामलों की पहचान हुई है, जिसके बाद दिल्ली मेट्रो ने जागरूकता फैलाने और कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए कुछ उपाय करने का फैसला किया है। इन उपायों के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो के कर्मचारियों को इसके बारे में अवगत कराया गया है। वहीं कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए क्या करें और क्या न करें के बारे में दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

दिल्ली मेट्रो के मुताबिक राजीव चौक, कश्मीरी गेट, केंद्रीय सचिवालय, चांदनी चौक, नई दिल्ली जैसे प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर डिजिटल स्क्रीन पर कोरोना वायरस के संबंध में अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में क्या करें और क्या न करें चलाया जाएगा।

दिल्ली मेट्रो में कोरोना वायरस के संबंध में बुनियादी सुरक्षा उपायों के तहत यात्रियों के बीच जागरूकता पैदा करने के लिए पूरे मेट्रो नेटवर्क में फैले कुछ अन्य प्रमुख स्टेशनों पर सूचनात्मक संदेश भी लगाए जाएंगे. वहीं मेट्रो परिसर के भीतर सफाई के क्रम को बढ़ाए जाने के लिए निर्देश जारी किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *