भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) उत्तर प्रदेश के सह मीडिया संपर्क प्रमुख नवीन श्रीवास्तव ने यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या के साथ मिलकर गाजीपुर का नाम बदलकर गाधिपुर करने की मांग की है.
नवीन श्रीवास्तव ने कहा, प्राचीन काल में महर्षि विश्वामित्र के पिता राजा गाधि की राजधानी गाधिपुरी थी. गाधिपुरी का अपना वैभवशाली अतीत रहा है. बाद में मुस्लिम आक्रांता मुहम्मद बिन तुगलक के सिपहसालार गाजी के नाम पर इस नगरी का नाम गाजीपुर कर दिया गया था.
नवीन श्रीवास्तव ने आगे कहा, गाजीपुर को उसका प्राचीन गौरव लौटाने के लिए वह काफी समय से प्रयासरत हैं. इसी संदर्भ में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मिलकर उन्हें गाजीपुर की जनता की भावना से अवगत कराते हुए ये अनुरोध पत्र सौंपा है.
बता दें ऐसा पहली बार नहीं होगा जब किसी जिले का नाम बदला जायेगा इससे पहले भी इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज और फैजाबाद जिले का नाम बदलकर अयोध्या रखा जा चूका है. हालाँकि अभी तक नाम बदलने के लिए कोई अधिकारिक जानकारी सामने नही आई है.