आग से झुलस रहा ऑस्ट्रेलिया, आपातकाल घोषित

ऑस्ट्रेलिया में सरकार ने न्यू साउथ वेल्स और विक्टोरिया प्रांतों में जंगलों में लगी आग को देखते हुए आपात स्थिति घोषित करते हुए सड़कों को बंद कर दिया है। बता दें कि दक्षिण-पूर्वी ऑस्ट्रेलिया के जंगल भीषण आग की चपेट में है। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को तटवर्ती इलाके में विक्टोरिया स्टेट के मल्लकूटा शहर में 4 हजार से अधिक निवासी और पर्यटक फंसे हुए हैं। निवासियों और पर्यटकों को वहां से निकाला जा रहा है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब शनिवार तक आग के और फैलने की आशंका प्रकट की गयी है।

न्यू साउथ वेल्स में आग लगने की वजह से 40 लाख हेक्टेयर की फसल बर्बाद हो गई है। प्रांत के प्रीमियर ग्लाडेस बेरेजिकलियान ने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस का शुक्रिया कहा और उन्होंने लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की है।

गौरतलब है कि पिछले 4 महीने से लगी आग की घटनाओं में 15 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लापता हैं। न्यू साउथ वेल्स में आग लगने के बाद से अब तक 1000 से अधिक घर जलकर खाक हो चुके हैं।

इससे पहले बिगड़े हालात को देखते हुए सोमवार को देश के चार राज्यों में आपातकालीन स्थिति की चेतावनी जारी की गई थी। इन क्षेत्रों से पर्यटकों के अलावा आग बुझाने में जुटे दमकलकर्मियों को भी वापस लौटने को कहा गया। 40° सेल्सियस से ऊपर का तापमान और 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवा के कारण विक्टोरिया प्रांत के पूर्वी गिप्सलैंड से तीस हजार लोगों को इलाका छोड़ देने के लिए कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *