सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को शेयर मार्केट बढ़त के साथ खुला, लेकिन दोपहर 2 बजे के बाद बैंकिंग सेक्टर में आयी गिरावट की वजह से शेयर बाजार में सुस्ती आ गयी. शुरुआती कारोबार में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 228 अंकों की बढ़त के साथ 38,895 पर खुला. सुबह के मुकाबले दोपहर के लगभग 2.15 बजे तक सेंसेक्स 920 अंकों लुढ़क गया. कारोबार के अंत में सेंसेक्स 362 अंकों की फिसल के साथ 38,305.41 पर बंद हुआ.
NSE का निफ़्टी 114 अंक की कमजोरी के साथ 11,359.90 पर बंद हुआ. बैकिंग और वित्तीय शेयरों में भारी बिकवाली दर्ज की गई. निफ्टी मिडकैप और स्मालकैप सूचकांक में 1.8 प्रतिशत की कमी नज़र आयी. निफ्टी ऑटो, एफएमसीजी, बैंक, फार्मा और रियल्टी में 1 से 4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई. वहीं सेंसेक्स के 30 में से 23 शेयरों में फिसल दर्ज की गई.
येस बैंक के शेयर 24 फीसदी से ज्यादा गिर गए. यह लगातार पांचवा दिन था जब शेयरों में गिरावट आयी है दूसरी तरफ टीसीएस, ओएनजीसी, टाटा स्टील, इंडसइंड बैंक, एसबीआई और भारती एयरटेल में गिरावट दर्ज की गयी.
मार्केट कैप के लिहाज से येस बैंक निफ्टी का सबसे कमजोर बैंक बन गया है. 1 महीनें में इसके शेयर में 31 प्रतिशत, 1 तिमाही में 62 प्रतिशत, 6 महीनें में 86 प्रतिशत और 1 साल में 77 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी है. कारोबार के पहले दिन यानी बीते सोमवार को इस शेयर में रिकॉर्ड चौथी सबसे बड़ी गिरावट नज़र आयी थी.