भारत की शीर्ष महिला भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी ने विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के फाइनल में जगह बना ली है। अन्नू इस स्पर्धा के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला हैं। वर्ष 2014 की एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता अन्नू ने चैंपियनशिप में सोमवार को अपना खुद का पुराना रिकॉर्ड 62.34 तोड़ते हुए ग्रुप-ए के क्वालीफायर में 62.43 मीटर दूर भाला फेंका जिसकी बदौलत न केवल उन्हें फाइनल में जगह मिली बल्कि उन्होंने अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड में भी सुधार किया।
इस साल अप्रैल में 23वीं एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने वाली अन्नू ने अपने पहले प्रयास में 57.05, दूसरे में 62.43 (राष्ट्रीय रिकॉर्ड) और तीसरे प्रायस में 60.50 का थ्रो फेंका। बता दें कि फाइनल में क्वालिफाई करने के लिए 63.50 मीटर का मानक रखा गया था।पहले स्थान पर चीन की लियू शियिंग 63.48 जबकि दूसरे स्थान पर स्लोवेनिया की रतेज मार्टिना 62.87 रही। इसके अलावा ग्रुप ए और ग्रु बी को मिलाकर सर्वश्रेष्ठ 12 प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मंगलवार को खेले जाने वाले फाइनल के लिए क्वालीफाई करने का नियम था।
27 साल की अनु ने इससे पहले इस साल मार्च में पटियाला में हुए फेडरेशन कप में राष्ट्रीय रिकार्ड 62.34 मीटर का थ्रो फेंककर राष्ट्रीय रिकार्ड स्थापित किया था।