सोने के भाव में फिर से तेज़ी, 39000 के पार पहुंची कीमत

अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड वॉर गहराने के कारण सोने और चांदी भाव में तेज उछाल देखने को मिली है. सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सुबह 11 बजे सोने के भाव ने 39 हजार के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर लिया था. इस दौरान सोने की कीमत में 550 रुपये (लगभग 1.45 प्रतिशत) की तेजी आई और सोना 39,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता नज़र आया था.

ऐसा कयास लगाया जा रहा है कि यदि यही तेजी अगले कुछ घंटो तक चलीतो ऐसा संभव है कि सोने की कीमत आज यानी सोमवार को ही 40 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर जाएगी. सोने के अतिरिक्त चांदी की कीमत में 670 रुपये (1.48 प्रतिशत) की तेजी आयी और यह 45,275 रुपये प्रति किलो पर कारोबार करती नज़र आयी.

क्या है कारण ?

असल में, अमेरिका और चीन के बीच नए टैरिफ (आयात शुल्क) लगाने के एलान को लेकर ट्रेड वार फिर तेज हो गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने फिर चीन से आयातित 550 अरब डॉलर की वस्तुओं पर 5 प्रतिशत अधिक टैरिफ लगाने की घोषणा की है. इससे पहले चीन ने अमेरिका से आयातित 75 अरब डॉलर की वस्तुओं पर 1 सितंबर और 15 दिसंबर से अतिरिक्त टैरिफ लगाने का एलान किया था. इन हालातों में दुनियाभर में निवेशक सहमे हुए हैं और वह सुरक्षित निवेश की ओर रुख कर रहे हैं. निवेशकों की नजर में सोना से सुरक्षित निवेश का सबसे अच्छा और भरोसेमंद जरिया कोई नहीं हो सकता है.

ये भी हैं वजह

अंतरराष्ट्रीय बाजार के अतिरिक्त भारत में सोने की कीमत बढ़ने के और भी कई वजह हैं. असल में, बीते जुलाई महीने में आम बजट पेश करते हुए बीजेपी सरकार ने सोने पर आयात शुल्क को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 12.5 प्रतिशत कर दिया है. सरकार का यह निर्णय सोने के आयातकों के लिए नई चुनौती बन गया है. गौरतलब है कि भारत सोने की अपनी जरूरत का ज्यादा हिस्सा आयात करता है. सोने की कीमत में तेजी का एक और कारण भारतीय शेयर मार्किट की सुस्त चाल भी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *