G7 Summit: कश्मीर पर बोले PM मोदी- हम दूसरे देश को कष्ट नहीं देंगे, मामला द्विपक्षीय है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-7शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए रविवार को फ्रांस पहुंचे.यहां पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच सोमवार को कश्मीर और अन्य मुद्दों पर बातचीत हुई. इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ट्रंप ने एक संयुक्त प्रेस वार्ता की.

प्रेस वार्ता में ट्रंप ने कहा कि मैंने पीएम मोदी से बात की थी. उन्होंने भरोसा दिलाया की सब ठीक है. वहीं पीएम मोदी ने कहा कि भारत को भी गरीबी के खिलाफ लड़ना है और पाकिस्तान को भी गरीबी के खिलाफ लड़ना है. हम दोनों देश मिलकर इन असुविधाओं के खिलाफ लड़ें. हमनें ये संदेश पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को भी दिया है. भारत पाकिस्तान मिलकर अपनी परेशानियों से लड़ेंगे. पीएम मोदी ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के आपसी मुद्दे हैं, हम दुनिया के किसी भी देश को इसका कष्ट नहीं देते हैं.

बता दें कि भारत जी-7समूह का हिस्सा नहीं है, लेकिन, विशेष आमंत्रित सदस्य है. इसको लेकर जी-7बैठक पर आज दुनियाभर के देशों की नजर टिकी हुई है. वैश्विक अर्थव्यस्था में सुस्ती और ट्रेड वॉर को लेकर बढ़ती चिंता को देखते हुए सभी जी-7सदस्य देश चर्चा कर सकते हैं और कुछ अहम निर्णय भी ले सकते हैं. अटलांटिक महासागर तट के सुरम्य शहर बिआरित्ज में होने वाली इस बैठक में पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन और डिजिटल बदलाव जैसे ज्वलंत वैश्विक मुद्दों पर भी बात की जाएगी. जी-7में फ्रांस, जर्मनी, यूके, इटली, अमेरिका, कनाडा और जापान शामिल हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *