भारत की बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल BWF World Championships से बाहर निकल गई हैं. सायना को राउंड ऑफ 16 में डेनमार्क की खिलाड़ी मिया ब्लिचफेल्ट से हार का सामना करना पड़ा. स्विट्जरलैंड में चल रहे इस टूर्नामेंट में सायना ने पहला गेम 6 अंकों के अंतर से जीता था लेकिन अगले दो गेम में वो अपनी लय बरकरार नहीं रख सकीं और 21-15, 25-27, 12-21 से मैच हार गईं.
सायना और मिया ब्लिचफेल्ट का रोमांचक मुकाबला 1 घंटा, 12 मिनट तक चला. पहला गेम सायना ने 21-15 से जीत लिया. इसके बाद सायना दूसरे गेम में भी 12-9 से आगे थीं लेकिन डेनमार्क की खिलाड़ी मिया ब्लिचफेल्ट ने सायना पर जोरदार पलटवार करते हुए उन्हें संभलने का मौका नहीं दिया और दूसरा गेम को 27-25 से अपने नाम दर्ज किया और इसके बाद वो तीसरा गेम में भी 21-12 से जीतीं.
सायना के अतिरिक्त मेंस सिंगल्स में लिन डैन को मात देने वाले एचएस प्रणॉय और किदांबी श्रीकांत भी अपना-अपना मैच हारकर खेल से बाहर हो गए हैं . प्रणॉय को जापान के मोमोता ने 21-19 21-12 से और श्रीकांत को थाईलैंड के कांदोफोन ने 40 मिनट तक चले मुकाबले में 21-14,21-13 से हराया.
अब देश ने पीवी सिंधु और बी साई प्रणीत पर उम्मीद की निगाहें टिका दी हैं. बी साई प्रणीत दुनिया के आठवें नंबर के खिलाड़ी एंथोनी सिनिसुका गिनटिंग को मात देकर क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं. उन्होंने अपना मैच 21-19 21-13 से जीता. वहीं महिला सिंगल्स के प्री क्वार्टरफाइनल मुकाबले में सिंधु ने अमेरिका की बीवेन जांग को हराकर वर्ल्ड चैंपियनशिप के क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह बनाई है. सिंधु ने अपने एकतरफा अंदाज में 21-14 ,21-06 से जीत हासिल की है.