Bihar: बाहुबली विधायक अनंत सिंह के घर छापेमारी, एके-47 राइफल बरामद

बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के घर पर पुलिस ने छापेमारी करके AK-47राइफल बरामद किया. मोकामा से निर्दलीय विधायक अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमा में पटना ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में पुलिस ने शुक्रवार सुबह से ही छापेमारी शुरू की जो अभी तक जारी है. खबरों के अनुसार पुलिस ने विधायक के घर से दो बम भी बरामद किया है. अनंत सिंह के उपर हत्या और हत्या के प्रयास के दर्जनों केस पहले से चल रहे हैं.

बता दें कि, कुछ दिनों पहले बाहुबली विधायक अनंत सिंह का एक ऑडियो क्लिप वायरल हुआ था जहां वह अपने सहयोगी के साथ मिलकर अपने विरोधी की हत्या की साजिश रचते हुए सुनाई दिए थे. ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद से ही अनंत सिंह पुलिस के रडार पर हैं. पुलिस ने पिछले ही हफ्ते अनंत सिंह का पटना में वॉइस सैंपल टेस्ट भी कराया था.

खबरों के मुताबिक पुलिस इस मामले को लेकर पुलिस पिछले कुछ दिनों से अनंत सिंह के कई ठिकानों पर दबिश बना रही थी और आज पुख्ता जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दल बल के साथ आज सुबह 3 बजे अनंत सिंह के गांव में छापेमारी शुरू की और AK-47बरामद किया.

छापा पड़ने के बाद अनंत सिंह ने पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस किया और मुंगेर से जदयू सांसद ललन सिंह पर उन्हें फंसाने का आरोप लगाया. अनंत सिंह ने कहा कि कोर्ट ने उनके संपत्ति की कुर्की जब्ती का आदेश नहीं किया है उसके बावजूद भी पुलिस ने छापेमारी के दौरान उनके घर पर तोड़फोड़ की है.

अनंत सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी नीलम सिंह ने 2019 लोकसभा चुनाव में मुंगेर से ललन सिंह के खिलाफ कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ी थी. इस कारण ललन सिंह मुझे परेशान कर रहे हैं. अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से गुहार लगाई है और उन्हें न्याय दिलाने की अपील की है.

आपको बता दें कि, एक समय था जब अनंत सिंह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेहद करीबी हुआ करते थे. 2005 में वह पहली बार जदयू के टिकट पर चुनाव जीते थे और 2010 में भी वह जदयू के टिकट पर विधायक बने थे. अनंत सिंह को हत्या के मामले में 2015 में जेल जाना पड़ा था जिसके बाद उन्होंने जेल से ही मोकामा से निर्दलीय चुनाव लड़ा और विधायक बने.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *