उत्तर कोरिया में रविवार को आम चुनाव हुये जिसमें किम जोंग उन को सर्वाधिक वोट मिले उन्हे करीब-करीब 100 फीसदी वोट की प्राप्ति हुयी हैं. बहरहाल, विशेषज्ञों के अनुसार चुनावों में कोई दूसरा उम्मीदवार और प्रतिद्वंद्वी नहीं था जिसके कारण उत्तर कोरिया का यह चुनाव सिर्फ एक राजनीतिक दिखावा है. उनके अनुसार इस तरह के चुनाव में प्राधिकारी यह दावा करेंगे कि किम जोंग उन को भारी बहुमत मिला और उनके प्रति लोग वफादार हैं.
बता दें कि उत्तर कोरिया में प्रत्येक चार साल में प्रांतीय, शहरी और काउंटी असेम्बलियों के प्रतिनिधियों के निर्वाचन के लिए मतदान होता है. रविवार को हुए चुनाव में 99.98 फीसदी मतदान हुआ है जो कि 2015 के मुकाबले 0.01 फीसदी ज्यादा है.
उत्तर कोरिया की सरकारी एजेंसी केसीएनए के अनुसार जो लोग विदेश में यात्राओं पर या समुद्री यात्रा पर हैं, बस उन्हीं लोगों ने मतदान नहीं किया. एजेंसी ने बताया कि बीमार और बुजुर्ग लोगों ने अपना मतदान मोबाइल मतदान केन्द्रों पर जाकर किया.