अमरनाथ यात्रा के लिए रविवार को रवाना किया जाएगा श्रद्धालुओं का पहला जत्था

अमरनाथ श्रद्धालुओं का पहला जत्था यहां कड़ी सुरक्षा के बीच रविवार को रवाना होगा और इस संबंध में आवश्यक प्रबंध कर लिए गए हैं. अधिकारियों ने बताया कि अब तक देश भर से करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने 46 दिन चलने वाली यात्रा के लिए पंजीकरण कराया है. यह यात्रा अनंतनाग जिले के 36 किलोमीटर लंबे पारंपरिक पहलगाम मार्ग और गांदेरबल जिल के 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से होती है.

साधुओं समेत सैकड़ों श्रद्धालु जम्मू पहुंचना शुरू हो गए हैं और तीर्थयात्रा को लेकर अत्यंत उत्साहित हैं. जम्मू के मंडल आयुक्त संजीव वर्मा ने बताया कि तीर्थयात्रियों की सुविधा और यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा समेत सभी जरूरी प्रबंध कर लिए गए हैं. यात्रा 15 अगस्त को खत्म होगी.

जम्मू के पुलिस महानिरीक्षक एम. के. सिन्हा ने कहा कि खतरे की आशंका के मद्देनजर यात्रा मार्ग पर लखनपुर (जम्मू-कश्मीर के लिए प्रवेश द्वार) से लेकर आधार शिविरों, आश्रय केंद्रों, ठहराव स्थानों और सामुदायिक किचन स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं.

उन्होंने कहा कि यात्रा को अवरोधित करने की आतंकवादियों की किसी योजना को लेकर खुफिया जानकारी नहीं है लेकिन राज्य के वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए राष्ट्र विरोधी तत्वों के किसी भी प्रयास को विफल करने के लिए सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं.

भाषा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *