छेड़खानी का विरोध करने पर दो महिलाओं की कार से कुचल कर हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद में छेड़खानी का विरोध करने वाली दो महिलाओं की कार से कुचलकर कथित रूप से हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस सिलसिले में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एन. कोलांची ने मंगलवार को बताया कि चांदपुर रोड निवासी रामवीर और भीमसेन का परिवार सोमवार देर रात शादी समारोह से लौटा था.

इसी दौरान एक युवक नशे में उनके मकान के बाहर पेशाब करने लगा. महिलाओं ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने एक युवती के साथ छेड़खानी की. उन्होंने बताया कि महिलाओं के विरोध पर युवक उन्हें धमकी देता हुआ भाग गया. कुछ देर बाद वह अपने अन्य साथियों के साथ लौटा और घर के बाहर खड़ी महिलाओं पर कार चढ़ा दी.

कोलांची ने बताया कि इसमें दो महिलाओं रामवीर की पत्नी संतो देवी (38) और भीमसेन की पत्नी उर्मिला (42) की मौत हो गई जबकि रामवीर का पुत्र जितेन्द्र और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए. उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है. मुख्य आरोपी नकुल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास चल रहे हैं.

वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना से नाराज परिजन ने पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस से मिले दोनों शव हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया. वे लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. पुलिस ने बड़ी मुश्किल से समझा-बुझा कर जाम खत्म करवाया.

भाषा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *