पश्चिम बंगाल से कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी को लोकसभा में पार्टी के नेता चुना गया है।
पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने चौधरी के नाम को स्वीकृति प्रदान की है।
इस निर्णय के बारे में पूछे जाने पर चौधरी ने कहा, मुझे यह जिम्मेदारी दी गई है। मुझे अग्रिम पंक्ति में खड़े रहने के लिए कहा गया और मैंने कहा ठीक है।
उन्होंने कहा, मैं पार्टी का सिपाही हूं और बतौर सिपाही लड़ूंगा।
चौधरी के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, हालांकि चौधरी मंगलवार को सदन में विपक्ष की तरफ उसी सीट पर बैठे थे जिस पर नेता प्रतिपक्ष अथवा सबसे बड़े दल का नेता बैठता है।
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि केरल से पार्टी के सांसद के. सुरेश को मुख्य सचेतक की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
पहले यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि सुरेश को सदन में नेता की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
कांग्रेस को इस बार के लोकसभा चुनाव में सिर्फ 52सीटें मिली हैं जो नेता प्रतिपक्ष का दर्जा प्राप्त करने के लिए जरूरी संख्या से कम है।
अधीर रंजन चौधरी पश्चिम बंगाल से पांच बार से सांसद हैं। वह 1999के बाद से एक बार भी चुनाव नहीं हारे हैं।
वह फिलहाल मुर्शिदाबाद जिले की बहरामपुर लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
चौधरी अतीत में पश्चिम बंगाल विधानसभा का सदस्य रहने के साथ पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
भाषा