तेंदुलकर ने युवराज से कहा, आपने क्रिकेट के लिए जो किया उसके लिए शुक्रिया

क्रिकेट के मैदान से लेकर कैंसर से जंग जीतने और फिर खेल के मैदान पर वापसी करने के दौरान युवराज सिंह के प्रेरणा के स्रोत रहे सचिन तेंदुलकर ने उनके संन्यास पर खेल को दिये योगदान के लिए शुक्रिया किया।

अपने 17साल के अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान ज्यादातर समय तक तेंदुलकर के साथ ड्रेसिंग रूम को साझा करने वाले युवराज ने सोमवार को यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। संन्यास के बाद खेल जगत ने उनके योगदान की सराहना की जिसमें तेंदुलकर भी शामिल है।

उन्होंने ट्वीट किया, युवराज आपका करियर बहुत ही शानदार रहा। जब भी टीम को जरूरत हुई आप चैम्पियन की तरह खेले। मैदान के अंदर और बाहर आपने जो जीवटता दिखायी वह कमाल की थी। आपको दूसरी पारी के लिए शुभकामनाएं और आप ने क्रिकेट के लिए जो भी किया उसके लिए शुक्रिया।

तेंदुलकर और युवराज की दोस्ती किसी से छुपी नहीं है। भारत 2011में जब विश्व चैम्पियन बना था तब युवराज ने उन्हें कंधे पर बैठाकर मैदान का चक्कर काटा था।

इसके बाद जब युवराज के कैंसर से पीड़ित होने का पता चला तब तेंदुलकर उनसे मिलने लंदन गये और अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके।

भाषा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *