जम्मू कश्मीर के रामबन और पुंछ जिलों में अलग-अलग घटनाओं में तीन निजी यात्री वाहनों के पर्वतीय सड़कों से फिसलकर पहाड़ियों से नीचे गिर जाने के कारण एक पुलिसकर्मी सहित पांच लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गये. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि रामबन के नजदीक कांगा में गहरी खाई में एक यात्री कैब के गिर जाने से पुलिसकर्मी बिट्टू राम और एक युवक नेक राम की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गये.
उन्होंने बताया कि वाहन जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुम्बेर से रामबन की ओर जा रहा था। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को बचा लिया गया और उनमें से दर्शन सिंह और उनकी पत्नी दीपा देवी को विशेष उपचार के लिए जम्मू में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया. सीनाबत्ती इलाके के नजदीक सोमवार देर रात 200 फुट गहरी एक खाई में एक वाहन के गिर जाने के कारण तीन लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गये।
अधिकारी ने बताया कि पीड़ितों की पहचान मिलाप सिंह (55), केशु राम (44) और राजू सिंह (24) के रूप में की गई है. उन्होंने बताया कि दुर्घटना उस समय हुई जब एक मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. पुंछ जिले के सुरनकोट के बुफलियाज इलाके में एक वाहन के सड़क से फिसल कर एक खाई में गिर जाने के कारण चार यात्री घायल हो गये.
भाषा