‘मुस्लिम लीग वायरस’ वाले बयान पर आईयूएमएल ने योगी पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुस्लिम लीग वायरस वाले बयान को लेकर उन्हें आड़े हाथ लेते हुए आईयूएमएल नेता पी के कुन्हालीकुट्टी ने शुक्रवार को कहा कि वह उत्तर प्रदेश में खाली कुर्सियों से बात कर रहे हैं और भाजपा वायनाड में राहुल गांधी की लोकप्रियता देखकर परेशान हो गयी है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने ट्वीट किया था कि मुस्लिम लीग वायरस है और कांग्रेस इससे प्रभावित है।

उन्होंने ट्वीट किया था, मुस्लिम लीग वायरस है। अगर इस वायरस से कोई प्रभावित होता है तो वह बच नहीं पाता। आज मुख्य विपक्षी कांग्रेस इससे प्रभावित है। सोचिए, अगर वे जीतेंगे तो क्या होगा? पूरे देश में यह वायरस फैल जाएगा।

उन्होंने कहा, एक बार फिर हरे झंडे लहराये गये। कांग्रेस मुस्लिम लीग वायरस से प्रभावित है। सावधान रहिए।

मुख्यमंत्री जाहिर रूप से इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) का जिक्र कर रहे थे जो केरल में कांग्रेस नीत यूडीएफ में शामिल हैं।

केरल कांग्रेस अध्यक्ष मुल्लापल्ली रामचंद्रन ने भी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि मुस्लिम लीग पर निशाना साधने वाला ट्वीट मुस्लिम समुदाय पर निशाना साधता है।

(भाषा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *