गुजरात तट के पास 500 करोड़ की हेरोइन के साथ नौ ईरानी गिरफ्तार

तटरक्षक बल और एटीएस कर्मियों ने गुजरात तट के पास एक नौका रोककर और करीब 100 किलोग्राम हेरोइन जब्त करके पाकिस्तान से 500 करोड़ रुपए कीमत के नशीले पदार्थ की तस्करी की एक बड़ी कोशिश नाकाम कर दी. अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि नौका के चालक दल ने नौका को आग लगा दी और नशीले पदार्थ नष्ट करने की भी कोशिश की. एटीएस ने नौका से नौ ईरानी नागरिकों को गिरफ्तार किया.

उन्होंने बताया कि ईरानी नौका पर सामान पाकिस्तान के ग्वादर बंदरगाह में लादा गया था. तटरक्षक और राज्य के भ्रष्टाचार रोधी दस्ते ने मंगलवार को गुजरात तट के पास समुद्र के मध्य में यह संयुक्त अभियान चलाया. अधिकारियों ने बताया कि तटरक्षक और एटीएस कर्मियों के निकट आने पर नौका में सवार लोगों ने उसे आग लगा दी.

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि नौका पोरबंदर के पास गुजरात तट के पास डूब गई. विज्ञप्ति में कहा गया, तस्करों की नौका पर सवार नौ ईरानी नागरिकों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि पाकिस्तानी नागरिक हामिद मालेक ने यह खेप भेजी थी जिसे पाकिस्तान के ग्वादर बंदरगार में ईरानी नौका में रखा गया था. अधिकारियों ने बताया कि गुजरात एटीएस को एक सूचना मिली थी कि एक ईरानी नौका गुजरात तट के पास हेरोइन की तस्करी करने की कोशिश करेगी.

भाषा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *