शुरूआती कारोबार में सेंसेक्स 150 अंक मजबूत

विदेशी निवेशकों की जारी लिवाली तथा घरेलू कारकों से बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 150 अंक मजबूत हुआ।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 141.80 अंक यानी 0.38 प्रतिशत चढ़कर 37,893.97 अंक पर रहा। इसी तरह एनएसई का निफ्टी भी शुरुआती कारोबार में 33.75 अंक यानी 0.30 प्रतिशत बढ़कर 11,375.45 अंक पर रहा।

बुधवार को सेंसेक्स 216.51 अंक और निफ्टी 40.50 अंक मजबूत होकर बंद हुआ था।

बड़ी कंपनियों में येस बैंक, सन फार्मा, कोटक बैंक, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, एलएंडटी, टाटा स्टील, इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 2.50 प्रतिशत तक मजबूती में रहे।

हालांकि हीरो मोटोकॉर्प, टाटा मोटर्स, बजाज ऑटो, हिंदुस्तान यूनिलीवर्स, टीसीएस, आईटीसी और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 1.37 प्रतिशत तक गिर गये।

आरंभिक आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने 2,722.28 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की। हालांकि घरेलू संस्थागत निवेशक 1,508.14 करोड़ रुपये के शेयरों के शुद्ध बिकवाल रहे।

(भाषा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *