बीसीसीआई के प्रशासकों की समिति (सीओए) के प्रमुख विनोद राय का कहना है कि आईपीएल टीमों के वर्कलोड मैनेजमेंट पर बोर्ड सही समय पर बात करेगा. राय ने कहा, बीसीसीआई (एक टीम के तौर पर) इस मुद्दे को देख रहा है और फ्रेंचाइजी से सही समय पर इसे लेकर बात होगी. हमारी टीम इस पर निगाह रखे हुए है.
दरअसल विराट कोहली ने अक्टूबर-2018 में वेस्ट इंडीज सीरीज के दौरान वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए IPL में खिलाड़ियों के वर्कलोड मैनेजमेंट की बात कही थी. ये मुद्दा सर्वोच्च न्यायालय द्वारा क्रिकेट बोर्ड के कामकाज की निगरानी के लिए गठित की गई प्रशासकों की समिति (सीओए) और टीम प्रबंधन के बीच हैदराबाद में वेस्ट इंडीज के खिलाफ अक्टूबर 2018 में हुए दूसरे टेस्ट मैच के दौरान हुई बैठक में उठा था.
उस समय हालांकि इस मामले पर कोई साफ राय नहीं बनी थी. इसे लेकर न सिर्फ खिलाड़ियों बल्कि सभी आईपीएल फ्रेंचाइजी के बीच भी असमंजस की स्थिति बन गई थी, उन्होंने कहा था कि बीसीसीआई ने उनसे इस तरह की कोई बात नहीं की है. लेकिन, सीओए प्रमुख विनोद राय ने सोमवार को आईएएनएस से बातचीत में इस असमंजस को साफ किया.
राय ने कहा, बीसीसीआई (एक टीम के तौर पर) इस मुद्दे को देख रहा है और फ्रेंचाइजी से सही समय पर इसे लेकर बात होगी. हमारी टीम है, जो इस पर निगाह रखे हुए है. भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने हाल ही में कहा था कि वह ऐसी कोई वजह नहीं पाते कि खिलाड़ियों को आईपीएल में नहीं खेलकर आराम दिया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा था, चार ओवर गेंदबाजी करने से आप थकेंगे नहीं. चार ओवर आप को अपना सर्वश्रेष्ठ देने में मदद करेंगे. आप यॉर्कर डालेंगे, वैरिएशन का इस्तेमाल करेंगे और दबाव में खेलेंगे. मुझे लगता है कि गेंदबाज पूरा आईपीएल खेल सकते हैं, लेकिन उन्हें इस बात का ख्याल रखने की जरूरत है कि वे क्या खाते हैं, कब सोते हैं और कब उठते हैं.