शहीद के परिवारों को अब तक 1.01 करोड़ रू की मदद

नई दिल्ली, आठ मार्च (भाषा): जम्मू कश्मीर के पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों के परिजनों को सेवा नियमों के मुताबिक अब तक एक करोड़ रूपये से अधिक अनुग्रह राशि दी गई है. केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.

अधिकारियों के अनुसार, अभी पुलवामा में शहीद जवानों के निकट परिजनों को अतिरिक्त अनुग्रह राशि भी मिलेगी, जिसकी घोषणा विभिन्न राज्य सरकारों द्वारा करना अभी बाकी है.

सीआरपीएफ के एक अधिकारी ने बताया कि 14 फरवरी को पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए 40 जवानों के परिवारों को कुल 1.01 करोड़ रूपये अब तक अदा किए गए हैं.

उन्होंने बताया कि इस राशि में केंद्र सरकार द्वारा ड्यूटी पर शहीद हुए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) कमिर्यों को 35 लाख रूपया, जोखिम कोष से 21. 50 लाख रूपया और भारत के वीर कोष से 15 लाख रूपया तथा एसबीआई अर्द्धसैनिक सेवा भुगतान बीमा कवर से 30 लाख रूपया शामिल है.

उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवारों को विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी एजेंसियों से भी वित्तीय सहायता मुहैया करायी जा रही हैं, यहां तक कि कुछ संस्थाओं ने इन कर्मियों के बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाने की जिम्मेदारी भी ली है.

अधिकारी ने बताया कि सभी 40 परिवारों को लिबरेलाइज्ड पेंशन अवार्ड (एलपीए) दिया जा रहा है और यह रकम शहीद जवान को मिले अंतिम मूल वेतन एवं महंगाई भत्ता के बराबर है.

उन्होंने कहा कि कुछ मामलों में शहीद कर्मी के निकट परिजन को राज्य सरकारों ने नौकरी की पेशकश की है, वे सीआरपीएफ में अनुकंपा के आधार पर भी रोजगार पा सकते हैं.

उन्होंने कहा कि बल जल्द ही एक विशेष मोबाइल एप पेश करने जा रहा है जिसे बल के शहीद कर्मियों के परिजनों की शिकायतों के निवारण के लिए तैयार किया गया है.

गौरतलब है कि 14 फरवरी को पुलवामा आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे. इस आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद ने ली थी.

सीआरपीएफ ने जम्मू कश्मीर में करीब 61 बटालियनें तैनात की हैं, जिनमें लगभग 65,000 कर्मी हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *