जहां एक तरफ पाकिस्तान शांति और अमन की बात कर भारत के साथ दोस्ती का हाथ आगे बढ़ा रहा है तो दूसरी तरफ भारतीय सीमा पर लगातार फायरिंग कर अपनी नापाक हरकतों का सबूत दे रहा है. कल से लगातार जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ में भारी गोलीबारी की जा रही है. नौशेरा सेक्टर में लोग पाक की गोलीबारी के चलते घर छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक वहां कि स्थिति युद्ध जैसी हो गई है. स्थिति ऐसी है कि लोग डर के मारे इलाका छोड़ने को मजबूर हैं.
खबरों के मुताबिक पाकिस्तान बार-बार सीजफायर का उल्लंघन कर राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में गोलीबारी कर रहा है. इस गोलीबारी के कारण नौशेरा के 84 स्कूल बंद कर दिए गए हैं. और कुछ नागरिक शहर छोड़ कर भाग रहे हैं. पाकिस्तान के इस सीजफायर उल्लंघन के चलते की गई गोलीबारी में कई मकानों को भारी नुकसान भी पहुंचा है. पाकिस्तान राजौरी जिले के कलाल, लडोका, पुखरनी और लाम इलाके में लगातार गोलीबारी कर रहा है.
बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पुंछ में LoC पर पाकिस्तानी सैनिकों ने शुक्रवार को भारी गोलाबारी की. जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए. पाकिस्तानी सैनिकों ने मोर्टार के गोले और भारी गन से आम नागरिकों के इलाकों को निशाना बनाया. भारतीय बलों ने भी इसका करारा जवाब दिया. जिसके बाद से सीमा से सटे सल्होत्री गांव के ग्रामीण दहशत में हैं.