असम के गोलाघाट जिले में जहरीली शराब पीने से करीब 104 चाय मजदूरों की मौत हो गई. यह घटना असम के सालमारा चाय बागान की है. कच्ची शराब पीने के बाद कई लोग बीमार पड़ गए. जिन्हे जोरहाट मेडिकल कॉलेज के अलावा दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया. स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल पहुंचकर बीमारों का हालचाल लिया. अभी भी कई लोगों का इलाज जारी है.
इस घटना को लेकर जिले के एक अधिकारी ने बताया कि ये लोग सालीमीरा चाय बागान में काम करते थे. इन सभी लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है. वहीं बीमार को इलाज कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि देशी जहरीली शराब पीने की वजह से ये मौतें हुईं.
खुमतई से बीजेपी विधायक मृणाल सैकिया ने बताया कि 100 से अधिक लोगों ने शराब पी थी और इसके एक ही विक्रेता से खरीदे जाने का संदेह है. फिलहाल पुलिस इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. साथ ही जिले के दो आबकारी अधिकारियों को निलंबित कर दिया है. वहीं कांग्रेस विधायक रूपज्योति कुर्मी ने आबकारी मंत्री के इश्तिफे की मांग की है और मुख्यमंत्री से मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने का अनुरोध किया है.